घने कोहरे से दृश्यता रही शून्य, दोपहर मे खिली धूप से मिली राहत

बरेली। घना कोहरा लगातार तीसरे दिन भी छाया रहा। सुबह एयर फोर्स और आसपास के इलाकों में घने कोहरे की वजह से दृश्यता शून्य रही। वहीं शहर में दृश्यता 10 से 20 मीटर के आसपास रिकॉर्ड की गई। रात में गलन रही और सुबह भी लोग ठंड से कांपते रहे। लेकिन दोपहर खिली धूप ने ठंड से काफी राहत दिलाई। दिन में अधिकतम तापमान 20.2 और रात में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले तीन दिनों में मौसम में तेजी से बदलाव हो सकता है। हल्की बारिश के साथ ही दिन और रात के तापमान में इजाफा होने के आसार हैं। इससे कड़ाके की ठंड और गलन से काफी हद तक राहत मिल सकती है। रविवार को सुबह अधिकांश इलाकों में खाना कोहरा छाया रहा। कोहरे के चलते एयरफोर्स और आसपास के इलाकों में सुबह 9 बजे तक दृश्यता शून्य के आसपास रिकॉर्ड की गई। यह लगातार तीसरा दिन है जब एयर फोर्स के आसपास दृश्यता शून्य रही है। सुबह करीब 10 बजे तक कोहरे का असर रहा लेकिन उसके बाद धूप खिलने से आसमान साफ हो गया और कोहरा छंट गया। दोपहर 12 बजे तक तेज धूप की वजह से ठंड और गलन से भी लोगों को काफी राहत मिली। रविवार को दिन में अधिकतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से करीब 1.2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वही रात का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा। लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार ने बताया कि तीन-चार दिनों में मौसम में तेजी से बदलाव हो सकता है। बरेली और आसपास के इलाकों में बारिश होने के भी आसार बन रहे है। 22 जनवरी से मौसम करवट लेगा और हल्की बारिश, बूंदाबादी हो सकती है। इसके बाद दिन और रात के तापमान में क्रमिक वृद्धि होने से गलन कम होगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *