शाही, बरेली। गौसगंज गांव मे हुए बवाल मे दोनों समुदाय के लोगों के बीच के अविश्वास को मिटाने की कवायद शुरू हो गई है। शांति व्यवस्था बनाए रखने को गांव में अस्थाई पुलिस चौकी स्थापित की जायेगी। खुराफातियों पर नजर रखने को गांव में सीसीटीवी कैमरे लगाएं जायेंगे। 19 जुलाई को एक समुदाय के लोगों ने दूसरे समुदाय के घरों पर हमला कर दिया था। घरों, वाहनों में तोड़फोड़ कर जानलेवा हमला किया। पुलिस पर भी हमला किया था। बवाल में छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। घायल तेजपाल की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। तेजपाल के पिता हीरालाल एवं तत्कालीन एसओ ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमें दर्ज कराए थे। गांव मे शांति व्यवस्था कायम करने एवं खुराफात करने वालों पर त्वरित कार्रवाई को अधिकारियों के निर्देश पर गौसगंज में अस्थाई पुलिस चौकी स्थापित की जा रही है। एक ग्रामीण ने पुलिस को अस्थाई चौकी को अपना मकान दिया है। एसओ अमित कुमार बालियान ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से गांव में अस्थाई पुलिस चौकी बनाई जा रही है। चौकी पर थाने से दो उप निरीक्षक एवं चार सिपाही तैनात किए जायेंगे। अगले तीन दिनों में चौकी शुरू हो जायेगी। गांव के खुराफातियों और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने को गांव में सीसीटीवी कैमरे लगाए जायेंगे। सीओ गौरव सिंह ने बताया कि गत दिनों सिटी मजिस्ट्रेट व पुलिस अधिकारियों की मीटिंग में आस्थाई पुलिस चौकी एवं सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय हुआ था। अस्थाई चौकी बनने से पुलिस गांव में 24 घंटे मौजूद रहेगी।।
बरेली से कपिल यादव