बरेली। जनपद के थाना बारादरी पुलिस ने रविवार की रात कटरा चांद खां इलाके मे गो तस्करी के आरोपी सानू कसाई घर पर दबिश दी तो वह पुलिस टीम पर फायर कर भागने लगा। पुलिस ने उसके दाहिने पैर में गोली मारकर दबोच लिया। इसी मामले के दूसरे आरोपी के यहां टीम पहुंची तो वहां मौजूद महिलाओं ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ दी और सरकारी काम में बाधा पहुंचाई। पुलिस ने दो महिलाओं समेत चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, वहां कटान के बाद प्रतिबंधित पशु के मांस को पैकेट में सप्लाई किया जा रहा था।थाना बारादरी प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि पुलिस ने कुछ दिन पहले घर में पशु काटने के आरोपी वसीम और उसकी पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। दबिश के दौरान आरोपी छत के रास्ते भाग निकले थे। सानू कसाई की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को सूचना मिली कि वसीम कुरैशी अपने साथी फैयाज के साथ उसके काजीटोला स्थित घर में छिपा है। पुलिस टीम फैयाज के घर पहुंची तो महिलाएं झगड़ा करने लगीं। पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ दी। फैयाज और उसके साथी घर से भाग गए। पुलिस ने फैयाज, वसीम की मां फूलबानो, बहन सना व भाई फईम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घायल सोनू कसाई को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पास से तमंचा, कारतूस व बाइक बरामद हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ नई रिपोर्ट दर्ज की है। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में जानकारी हुई कि वसीम का पुराना घर सेमलखेड़ा में है, जिसमें अक्सर ताला लगा रहता है। वसीम ने एक नया घर कटरा चांद खां में घनी आबादी के बीच बना लिया है। इसकी जानकारी केवल उसके परिजनों को है। दस अप्रैल को जब पुलिस ने पहली बार दबिश दी थी तो वसीम व उसके साथी प्रतिबंधित पशु काटकर उसका मांस ले आए थे। घर पर मांस के छोटे-छोटे टुकड़े करके वसीम की मां, बहन, भाई व पत्नी ने एक और दो किलो के पैकेट तैयार किए। सप्लाई का काम फैयाज व उसके साथी करने वाले थे, पर दबिश के दौरान सब भाग गए। इनसे मिले इनपुट की पुष्टि कर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव