बरेली। बरेली मंडल मे 3232 अफीम किसानों के लाइसेंस मे से 2962 निरस्त कर दिए गए। इससे किसान नेताओं में नाराजगी है। किसान एकता संघ की अगुवाई में किसानों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। किसान नेता डॉ. रवि नागर ने वित्त मंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। डॉ. रवि नागर ने बताया, सत्र 2023 एवं 24 में बरेली मंडल में 2323 किसानों को अफीम के लाइसेंस जारी किए गए थे। आरोप लगाया कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण 2962 किसानों के लाइसेंस होल्ड कर दिए। जबकि किसानों से 5 साल की फीस पूर्व में ही जमा करा ली थी। फिर भी लाइसेंस होल्ड कर दिए। यह सीधे तौर पर किसानों का शोषण है। किसान एकता संघ इसे बर्दाश्त नहीं करेगा। नेताओं ने कहा कि जब पिछले वर्ष अफीम का डोडा तैयार हो रहा था तब फरवरी मे बेमौसम बारिश एवं ओलावृष्टि के कारण 60 प्रतिशत अफीम की फसल नष्ट हो गई थी। जिसकी वजह से किसान मानक के अनुसार अफीम की फसल कार्यालय को जमा नही कर पाए थे। बिना उचित उचित कारण जाने विभाग ने लाइसेंस होल्ड कर दिए। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि नए सत्र में लाइसेंस को रेगुलराइज नहीं किया तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। प्रदेश अध्यक्ष पंडित राजेश शर्मा, जिला महासचिव अवधेश गुर्जर, जिला उपाध्यक्ष गिरीश गोस्वामी, शिशुपाल गंगवार, वीरेश, धनपाल मौर्य, रईस अहमद, रंजीत, विजय कुमार, मुनेश कुमार, झरगद सिंह, जोगिंदर सिंह आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव