बरेली। जिला व महानगर कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को संयुक्त रूप से गांधी प्रतिमा स्थल पर सत्याग्रह आयोजित कर प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान 17 फरवरी को लखनऊ में विधानसभा घेराव में हुए घटनाक्रम की कड़ी निंदा की। आरोप है कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे कांग्रेस नेताओं पर पुलिस बल का प्रयोग किया गया। इसमें प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को चोट लगने की सूचना है। पदाधिकारियों ने सरकार पर दमनात्मक रवैया अपनाने का आरोप लगाया। जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने कहा कि लोकतांत्रिक देश में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक दल का संवैधानिक अधिकार है। सरकार की ओर से विपक्ष की आवान दबाने के लिए बल का प्रयोग करना लोकतंत्र की मूल भावना के विरुद्ध है। महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अन्याय और दमन के खिलाफ सदैव गांधीवादी तरीके से संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। सत्याग्रह के माध्यम से सरकार को यह संदेश दिया गया कि कांग्रेस कार्यकर्ता भयभीत होने वाले नही है और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा। इस दौरान प्रेम प्रकाश अग्रवाल, प्रवक्ता पंडित राज शर्मा, देवेंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, रमेश श्रीवास्तव, हरीश गंगवार, विनोद कुमार, सुरेश कुमार, मनोज शर्मा प्रवीण मिश्रा, योगेश जायसवाल, सतीश चंद्रा, नारायण सिंह, जाहिद अली, जगदीश शरण, सफदर अली बुखारी, कमरुद्दीन सैफी आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
