बरेली। कैनविज कंपनी के निदेशक कन्हैया गुलाटी के खिलाफ बारादरी थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर एक और रिपोर्ट दर्ज की है। उस पर निवेश के नाम पर बाराबंकी के 60 लोगों से दो करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी का आरोप है। गुलाटी, उसके बेटे और पत्नी समेत गुर्गों के खिलाफ अब तक 62 रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी हैं। गुलाटी की हिस्ट्रीशीट भी खोली जा चुकी है लेकिन आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। बाराबंकी के सत्यप्रेमी नगर निवासी ब्रह्मस्वरूप सैनी ने बताया कि उसने कैनविज कंपनी में 11.17 लाख रुपये निवेश किया था। कंपनी के मालिक कन्हैया गुलाटी ने उसे निवेश करने पर अच्छा मुनाफा देने का झांसा दिया था। उसके साथ 59 अन्य लोगों ने भी कंपनी मे करोड़ों रुपये निवेश किए थे। अब कंपनी के अधिकारी लोगों का करोड़ों रुपया हड़प कर भूमिगत हो गए हैं। कन्हैया गुलाटी समेत उसके गुर्गों को अब तक गिरफ्तार भी नही किया गया है। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि व्हाट्सएप कॉल पर रुपये मांगने पर उनको जान से मारने की धमकी दी जा रही है। ब्रह्मस्वरूप ने बताया कि बारादरी थाने और पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई तो उसने अदालत की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर कन्हैया गुलाटी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पीड़ित का यह भी कहना है कि कन्हैया गुलाटी व्हाट्सएप कॉल पर धमकियां दे रहा है। इंस्पेक्टर बारादरी धनंजय पांडेय ने बताया कि कन्हैया गुलाटी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।।
बरेली से कपिल यादव
