आवश्यक सेवाओ की अदायगी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं – जैन

बाड़मेर/राजस्थान- जिले के प्रभारी मंत्री एवं श्रम और कारखाना राज्य मंत्री सुखराम विश्नोई ने गुरुवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई में आमजन की परिवेदनाओ को सुना एवं उनके समक्ष पेश 101 परिवादों को त्वरित कार्रवाई कर तीन दिन में निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान गौसेवा आयोग के अध्यक्ष मेवाराम जैन भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री विश्नोई ने कहा कि जिला स्तरीय जनसुनवाई में प्राप्त परिवेदनाओं पर अधिकारी गम्भीरता के साथ कार्यवाही कर उनका त्वरित एवं गुणवतापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। क्योंकि यह सरकार की सुशासन की परिकल्पना को साकार करने का एक सशक्त जरिया है।

इस मौके पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आमजन की परिवेदनाओं के त्वरित समाधान हेतु त्रिस्तरीय जन सुनवाई की व्यवस्था प्रारम्भ की गई है, जिसे गम्भीरता से लेते हुए ब्लॉक स्तरीय अधिकारी पंचायत स्तरीय जन सुनवाई का प्रभावी पर्यवेक्षण करें। विश्नोई ने कहा कि आज की जन सुनवाई में प्राप्त प्रकरण तीन दिन में निपटाएं जाए।

इस अवसर पर गौसेवा आयोग के अध्यक्ष मेवाराम जैन ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर एवं उपखण्ड स्तर पर प्राप्त होने वाली शिकायतों की जॉच करवाकर पंचायत एवं उपखण्ड स्तर से समाधान योग्य समस्याओं का वहीं निस्तारण करें ताकि परिवादियों को जिला मुख्यालय तक नहीं आना पड़े।इस दौरान प्रभारी मंत्री विश्नोई एवं गौसेवा आयोग अध्यक्ष जैन ने जन सुनवाई में आए परिवादियों की विभिन्न मुद्दों से जुडी 101 परिवेदनाओं को धैर्य के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही कर परिवादियों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने जनसुनवाई में आए सभी 101 परिवादियो की एक-एक परिवेदना को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारी को निस्तारण के निर्देश दिए।

उन्होंने निर्देश दिए कि सरकारी रास्ते कहीं पर भी बन्द नहीं हो, अतिक्रमण होने पर त्वरित कार्यवाही कर हटाया जाए। उन्होंने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण और कटान रास्तों को अवरूद्ध करने के प्रकरणों में एक सप्ताह में बेदखली की कार्यवाही करने की हिदायत दी। वही कृषि आदान अनुदान एवं फसल बीमा के बकाया मामलो को भी त्वरित निराकरण करने को कहा। इसी प्रकार नगरिय क्षेत्र में साफ सफाई अतिक्रमण एवं अवैध निर्मानो के विरुद्ध कार्यवाही के लिए परिषद सक्रिय रूप से कार्यवाही करने का काम करने को नगर परिषद को सक्रियता दिखाने की हिदायत दी। वही पानी, बिजली, सडक और चिकित्सा सुविधाओं की शिकायतो को गंभीरता से लिया। इसी तरह सरकारी स्कूल के प्राचार्य को अभद्र व्यवहार की शिकायत पर एपीओ करने के निर्देश दिए।

इस मौके पर जिले के प्रभारी सचिव और संभागीय आयुक्त के.सी. मीणा ने कहा कि संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से गुणात्मक रूप से हो। इससे पूर्व जिला कलेक्टर लोक बंधु ने जनसुनवाई में आए सभी परिवादों की एक-एक परिवेदना को देखा तथा संबंधित अधिकारी से विभागीय पक्ष से प्रभारी मंत्री को जानकारी दी।

इस मौके पर जिला प्रमुख महेंद्र चौधरी, नगर परिषद सभापति दीपक माली, बीसूका उपाध्यक्ष फतेह खान, पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव, मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओमप्रकाश विश्नोई, अतिरिक्त जिला कलेक्टर अश्विनी के पंवार और सुरेंद्रसिंह पुरोहित समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें। वहीं उपखंड अधिकारी और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े रहें।

जिला स्तरीय जन सुनवाई के बाद प्रभारी मंत्री विश्नोई ने गुरुवार को दोपहर पश्चात चौहटन एवं धोरीमन्ना में ब्लॉक स्तरीय जनसुनवाई की तथा परिवेदना निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों से ब्लॉक मुख्यालय पर उपस्थित रहकर प्रतिदिन आने वाली समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही निराकरण करने के निर्देश दिए ताकि लोगों को जिला मुख्यालय पर नहीं जाना पड़े।

– राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *