बरेली। नवंबर मे पूर्वदशम अनुसूचित जाति एवं सामान्य वर्ग छात्रवृत्ति योजना के तहत बरेली को सीएम डैशबोर्ड पर सी रैंकिंग मिली है। जिले की किरकिरी पर पड़ताल हुई तो पता चला कि सीएम डैशबोर्ड को अपडेट डाटा नही भेजा गया। डीएम ने अपडेट डाटा इस्तेमाल करने के लिए समाज कल्याण निदेशक को पत्र भेजा है। समाज कल्याण निदेशक को भेजे पत्र मे डीएम ने बताया कि दोनों योजनाओं में डैशबोर्ड पर जनपद स्तरीय कमेटी के स्तर पर 1457 और 461 फार्म लंबित दिखाए जा रहे हैं जबकि जिला समाज कल्याण अधिकारी के स्तर पर 29 नवंबर और 30 नवंबर को जनपद से अग्रसारित करते हुए शून्य पेंडेंसी कर उसका वीडियो व स्क्रीनशॉट भी लिया गया। नोडल अधिकारी छात्रवृत्ति, उपनिदेशक निदेशालय समाज कल्याण और उप नोडल अधिकारी सीएम डैशबोर्ड निदेशालय समाज कल्याण को भी इससे अवगत कराया गया। फिर भी 29 नवंबर और 30 नवंबर को अग्रसारित डाटा को जनपद पर लंबित दिखाया गया। जिससे केपीआई में शिक्षण संस्थानों के अग्रसारण के सापेक्ष जनपदीय कमेटी द्वारा सत्यापन का अनुपात कम आया है। साथ ही केपीआई का औसत प्रदर्शन भी कम आया। निदेशालय समाज कल्याण और एनआईसी स्तर से सीएम डैशबोर्ड को भेजा गया डाटा अपडेट नही था। इससे जनपद की योजना की प्रगति कम रही और रैंकिंग गिर गई। इस गलती के कारण जनपद को सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक मे निम्न रैंक के कारण असहज स्थिति का सामना करना पड़ा। इसलिए सीएम डैशबोर्ड के लिए छात्रवृत्ति योजनाओं का महीने की अंतिम तिथि 30 के उपरांत डाटा को अपडेट करते हुए ही एनआईसी से प्राप्त किया जाए।।
बरेली से कपिल यादव
