शेरगढ़, बरेली। फतेहगंज पश्चिमी मे अतिक्रमण हटाने के दौरान ईओ और व्यापारी के बीच हुई झड़प का मामला शांत ही हुआ था कि अब शेरगढ़ में भी वैसा ही मामला हो गया है। बुधवार को बाजार से अतिक्रमण हटाने के दौरान व्यापारी और ईओ के बीच पहले वाद विवाद फिर हाथापाई की नौबत आ गई। दोनों तरफ से थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस इस बार फूंक फूंक कर कदम बढ़ा रही है और अभी किसी की रिपोर्ट दर्ज नही की है। ईओ के साथ हुई बदसलूकी के बाद पंचायत कर्मियों ने कार्य बहिष्कार कर दिया है। ईओ के साथ मारपीट का वीडियो भी वायरल हो रहा है। पिछले दो दिनों से चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब ईओ दुर्गेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पंचायत की टीम बाजार में अतिक्रमण हटाने को पहुंची। बाजार में दुकानदारों ने नाले के ऊपर अपना सामान लगा रखा था कुछ जगह नाले को बंद कर दिया गया था। टीम जब जब शेखर गुप्ता की दुकान पर पहुंची और जेसीबी के जरिए अतिक्रमण हटाने का प्रयास किया तभी दुकानदार ने विरोध जताते हुए इस कार्यवाही को द्वेषपूर्ण और एकतरफा बताते हुए कुछ व्यापारियों को लक्ष्य में रखकर कार्यवाही करना बताया। इसी दौरान हुई बातचीत बढ़कर वाद विवाद में बदली और फिर हाथापाई तक पहुंच गई। कई व्यापारी एकत्र हो गए और उन्होंने ईओ को पकड़ लिया। कर्मचारी उन्हें छुड़ाने पहुंचे तो व्यापारियों ने उनसे भी झड़प की। पुलिस ने व्यापारियों के चंगुल से ईओ को छुड़ाकर अलग किया। ईओ ओर दुकानदारों के बीच हुई इस हाथापाई के दौरान में मुख्य बाजार में जाम लग गया। सड़क पर जेसीबी और दुकानदारों की भीड़ लगने से वाहनों का आवागमन रूक गया। पुलिस ने सभी को हटाकर रास्ता साफ कराया। यहां से हटकर कर्मचारियों के साथ ईओ थाने पहुंचे और वहां दुकानदार के खिलाफ तहरीर दी। उनके जाने के बाद दुकानदार अपने साथियों के साथ उन्होंने भी ईओ और कर्मचारियों के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर देते समय दोनों पक्ष थाने मे मौजूद थे। घटना से आक्रोशित नगर पंचायत कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर दिया। कर्मचारियों का कहना है कि यदि ईओ तथा हमारे साथ हुई घटना पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वे थाने का घेराव करेंगे।।
बरेली से कपिल यादव
