बरेली। कलेक्ट्रेट सभागार मे जिलाधिकारी की अध्यक्षता मे खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की समीक्षा बैठक हुई। होली को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने और सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने अब तक की प्रवर्तन कार्रवाई और न्यायालय मे निस्तारित मामलों की जानकारी दी। औषधि निरीक्षक अनामिका अंकुर जैन ने रिपोर्ट पेश की। डीएम ने निर्देश दिए कि होली त्योहार को देखते हुए विशेष तौर पर खोया एवं पनीर विक्रेताओं पर छापामार कार्रवाई करें। प्रथमदृष्टया संदिग्ध एवं दूषित पाये जाने पर तत्काल नष्ट कराएं। जिससे आमजन को शुद्ध खाय पदार्थ उपलब्ध कराया जा सके। जनपद मे स्थित होटल एवं रेस्टोरेंट का नियमित निरीक्षण करें। इन प्रतिष्ठानों पर साफ सफाई के साथ-साथ खाद्य सुरक्षा भी सुनिश्चित कराएं। नियमित रूप से मिष्ठान विक्रेता एवं दूध की डेयरियों की भी जांच कराएं। छापाः सरसों का तेल और रंगीन कचरी जब्त: बरेली। कमिश्नर भूपेंद्र एस. चौधरी के निर्देश पर होली पर मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों के विक्रय पर रोकथाम के उद्देश्य से गुरुवार को एफएसडीए की टीम ने जनपद मे कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर 12 नमूने भरे। टीम ने 45900 रुपये के 306 किलो सरसों का तेल और 35000 रुपये के 348 किलो रंगीन कचरी जब्त कर सीज कर दिया। खाद्य सहायक आयुक्त संदीप कुमार चौरसिया, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल के नेतृत्व मे गठित टीम ने गुरुवार सुबह भमोरा के राम बहादुर किराना स्टोर से खाद्य पदार्थ सरसों का तेल एवं नमकीन के एक-एक नमूने लिए गए। साथ ही 306 किलो सरसों के तेल को सीज कर दिया गया। जगतपुर चौराहे स्थित मैसर्स अब्दुल रज्जाक कलेक्शन सेंटर से मिश्रित दूध का नमूना। जगतपुर चौराहा स्थित मैसर्स रजा डेयरी से खाद्य पदार्थ मिश्रित दूध का नमूना लिया गया। शहदाना रोड के मैसर्स नन्हे लाल राठौर एंड सन्स से रंगीन कचरी के नमूने लेकर 219 किलो रंगीन कचरी को सीज किया गया। शहदाना के ही मैसर्स आरके एण्ड सन्स के यहां 129 किलो रंगीन कचरी को जब्त कर नूमने भी लिए गए। सभी नमूने लखनऊ भेजे गए है। खंडेलवाल एडिबिल ऑयल के पांच नमूने मिले अधोमानक: अधिकारियों ने बताया कि फरीदपुर स्थित खण्डेलवाल एडिबिल ऑयल से सात फरवरी को भरे आठ नमूनों से पांच की जांच रिपोर्ट आ गई है। जिसके अनुसार मल्टी साँस एडिबल ऑयल, रिफाइण्ड राइस ब्रान ऑयल, रिफाइण्ड सोयाबीन ऑयल, रैपसीड ऑयल तथा कच्ची घानी सरसों का तेल ( चक्र ब्राण्ड) को अधोमानक घोषित किया गया है। उद्यमी को 30 दिन मे दोबारा अपील का अवसर मिला है। अपील की स्थिति में नमूने निर्धारित केन्द्रीय प्रयोगशाला भेजे जाएंगे।।
बरेली से कपिल यादव
