हाईवे पर शव रखकर ग्रामीणों ने लगाया जाम, पुलिस ने समझाकर खुलवाया जाम

रिठौरा, बरेली। बुजुर्ग की मौत के बाद शनिवार को एक किसान ने अपने खेत से अर्थी निकालने से मना कर दिया। इससे नाराज लोगों ने हाईवे पर अर्थी रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। इसके बाद दूसरे रास्ते से अर्थी श्मशान घाट भेजकर अंतिम संस्कार संपन्न कराया। थाना इज्जतनगर के मुड़िया अहमदनगर गांव के मोहल्ला खेड़ा मे मखानी इंटर कॉलेज के पास श्मशान है। इस शमशान तक जाने के लिए कोई सरकारी रास्ता नही है। ग्रामीण खेतों से होकर श्मशान जाते है। शनिवार को गांव के 75 वर्षीय भोलाराम की बरेली के एक निजी अस्पताल मे मौत हो गई थी। परिजन उनका शव घर ले आए। दोपहर करीब तीन बजे परिजन शव को श्मशान ले जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान किसानों ने अपने खेतों से अर्थी ले जाने से मना कर दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने अर्थी को बरेली-पीलीभीत हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर थाना इज्जतनगर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया। इस दौरान करीब आधा घंटे हाईवे जाम रहा। इसके बाद चौकी इंचार्ज मोहित कुमार ने पुलिस बल की मौजूदगी मे दूसरे रास्ते से शव यात्रा को श्मशान घाट तक पहुंचवाया और अंतिम संस्कार करवाया। हालांकि दूसरा रास्ता भी अन्य किसानों के खेतों से होकर ही जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि स्थायी रास्ते की व्यवस्था नही की गई तो ये फिर प्रदर्शन को मजबूर होंगे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *