बरेली। जिले भर मे बुधवार को होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही हुरियारों की टोलिया एक दूसरे रंग डालने को निकल पड़ी। कस्बे के होली गेट से होली का जुलूस निकला गया जो कि कस्बे के मुख्य मार्ग, बाईपास मार्ग, कचहरी मार्ग, खारजा मार्ग होते हुए वापस होली गेट पहुंच कर समाप्त हो गया। जुलूस में हुरियारे एक दूसरे पर रंग और गुलाल बरसा रहे थे। दोपहर बाद लोगो ने एक दूसरे से गले मिल होली की बधाई दी। वहीं छोटों ने अपने से बड़ो के पांव छूकर उनसे आर्शीवाद लिया। इस दौरान सज धज कर घर से निकले बच्चों ने सब का मन मोह लिया। सेंथल मे होली का त्योहार कस्बे में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह होते ही हुरियारों की टोलियां एक दूसरे पर रंग और गुलाल बरसाती हुई कस्बे में दिखाई दी। जब हिन्दू समुदाय के लोग होली में आखत डालने गए तो चेयरमैन कम्बर एजाज शानू के साथ मुस्लिम समुदाय के लोगों ने उनपर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। हाफिजगंज क्षेत्र में होली का पर्व परंपरागत ढंग से हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। होलिका दहन के बाद लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद लोगों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। मीरगंज में 84 स्थानों पर हुआ होलिका दहन: मीरगंज क्षेत्र के गांवों व नगर के 84 स्थानों पर शांति पूर्ण तरीके से होलिका दहन हुआ। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस तैनात रही। एसडीएम आलोक कुमार सिंह, सीओ अजय कुमार एवं नायब तहसीलदार अरविंद कुमार मंगलवार की रात्रि में रसूलपुर, फिरोजपुर, कस्बा मीरगंज आदि स्थानों पर होलिका का निरीक्षण किया। एसडीएम एवं ग्रामीणों ने जल रही होलिका में पूजन कर आखत डाले। बुधवार को मीरगंज थाना क्षेत्र में चार स्थानों पर होली के जुलूस निकले। जुलूस में हुरियारों ने होली के फिल्मी व लोकगीतों पर जमकर नृत्य किया। छतों से महिलाओं और बच्चों ने हुरियारों पर पिचकारियों से रंग डाला। गुलाल बरसाया।।
बरेली से कपिल यादव
