बरेली। सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में बरेली की छात्रा मानवी पटेल 99.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर देश की दूसरी टॉपर बनकर उभरी हैं। मानविकी वर्ग की मानवी ने 500 में से 498 अंक हासिल किए हैं। अंग्रेजी, मनोविज्ञान व पेंटिंग में उन्हें सौ में सौ अंक मिले हैं। इतिहास व राजनीति विज्ञान में 99-99 अंक हासिल किए है। मानवी ने बताया कि उन्होंने किसी विशेष या जटिल टाइम टेबल का पालन करने के बजाय गुणवत्तापूर्ण अध्ययन पर जोर दिया। वह रोज सुबह से लेकर दोपहर तक पढ़ाई करती थी और कुछ समय आराम करने के बाद फिर अपनी पुस्तकों के साथ जुट जाती थी। उन्होंने प्रतिदिन नौ घंटे पढ़ाई का लक्ष्य निर्धारित किया था। अपनी दिनचर्या में मनोरंजन और व्यक्तिगत रुचियों को भी महत्व दिया। वह शाम को एक घंटे खेलकूद, मोबाइल फोन चलाने और अन्य मनोरंजक गतिविधियों के लिए निकालती थी। ताकि मानसिक थकान दूर हो सके। मानवी ने बताया कि पूरे साल उन्होंने सोशल मीडिया का इस्तेमाल किया, लेकिन परीक्षा नजदीक आते ही दिसंबर में उन्होंने इससे दूरी बना ली और पूरा ध्यान केवल पढ़ाई पर केंद्रित किया। जनवरी में प्री-बोर्ड परीक्षाओं के दौरान उन्होंने अपनी रणनीति बदली और रिवीजन पर सबसे अधिक जोर दिया। उनके पिता हरेंद्र सिंह (बेसिक विद्यालय में शिक्षक) और माता रश्मि कनौजिया ने उनकी इस यात्रा मे पूरा सहयोग किया। भविष्य मे फैशन डिजाइनर बनने का सपना देखने वाली मानवी का मानना है कि 10वीं और 12वीं के अंक ही जीवन का अंतिम पैमाना नहीं हैं। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे साल की शुरुआत से ही तैयारी करें और परीक्षा के दौरान किसी भी नए प्रयोग से बचें। अंकों के लिए तनाव लेने से सेहत और परिणाम पर बुरा असर पड़ता है। इसलिए एकाग्रता के साथ अपनी कमियों को दूर करने का प्रयास करना चाहिए।।
बरेली से कपिल यादव
