सांड़ ने राह चलते तीन महिलाओं को उठाकर पटका, गंभीर घायल, घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद

मीरगंज, बरेली। आवारा सांड़ ने शनिवार दोपहर मीरगंज मे घूरे पर कूड़ा डालने जा रही सास-बहू पर हमला कर दिया। सांड़ ने उन्हें उठा-उठाकर पटका, जिससे वह गंभीर घायल हो गई। किसी तरह लोगों ने लाठी-डंडों से सांड़ को खदेड़कर दोनों को बचाया। इस घटना के कुछ देर बाद सांड़ ने बाजार से घर लौट रही एक अन्य महिला पर हमला कर घायल कर दिया। लोगों ने किसी तरह उसे बचाया। परिजन ने तीनों महिलाओं को अस्पताल मे भर्ती कराया है। कस्बे मे आवारा गोवंश के लोगों पर आए दिन हमला करने की घटनाओं से लोगों में आक्रोश है। मीरगंज कस्बे में कई हिंसक सांड़ घूम रहे है जो आए दिन लोगों पर हमलावर हो जाते हैं। शनिवार दोपहर कस्बे के मोहल्ला शेखूपुरा मे रहने वाली कन्यावती अपनी पुत्रवधु धर्मवती के साथ कूड़ा फेंकने घूरे पर जा रही थी। इस दौरान गली मे घूम रहे सांड ने सास-बहू पर हमला कर दिया। गली में उनको उठा-उठाकर पटका। शोर सुनकर आसपास के लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और सांड़ को बमुश्किल खदेड़ा। हमले में सास-बहू गंभीर घायल हो गई। परिजन ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। इस घटना के कुछ ही देर बाद सांड़ ने बाजार से घर लौट रही बिथरी चैनपुर थाने के गांव उड़ला जागीर निवासी ताहिर नवी की पत्नी मेहरबानो पर गली से गुजरते वक्त हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर घायल हो गई। मेहरबानो बच्चों के साथ मीरगंज के मोहल्ला सरायखाम मे अपने मायके आई हुई थी। मेहरबानों पर सांड़ के हमले की घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मायके वालों ने मेहरबानो को अस्पताल में भर्ती कराया है। वही सांड़ के हमले मे तीन महिलाओं के घायल होने की सूचना पर पूर्व चेयरमैन इल्यास अंसारी ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन से सांड़ों को पकड़कर नंदी आश्रय स्थल में संरक्षित करने की मांग की। चेयरमैन योगेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि सांड़ गांवों से आ गए होंगे। उनको पकड़वाने की कार्रवाई की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *