बरेली। किसानों के गन्ना बकाया भुगतान और समस्या समाधान के लिए एसडीएम नवाबगंज को दिए ज्ञापन पर सुनवाई न होने से नाराज सपा नेता भगवत सरन गंगवार सांकेतिक धरने पर बैठे। नवाबगंज क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सपा नेता भगवत सरन गंगवार ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन कमिश्नर को सौंपा। इससे पूर्व चौकी चौराहा स्थित गांधी पार्क में प्रतिमा के नीचे बैठकर शांतिपूर्व धरना दिया। उनके साथ धरने पर योगेश यादव, संजीव यादव, महिपाल सिंह यादव, अरविंद आयादव, शिवचरण कश्यप, आदेश यादव गुड्डू व अन्य लोग मौजूद रहे। ज्ञापन में गन्ना किसानों के बकाया भुगतान, बंद पड़ी चीनी मिल को दोबारा शुरू कराने, आवारा पशुओं की समस्या, राशन व्यवस्था में भ्रष्टाचार और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली समेत कई मुद्दे उठाए गए। ज्ञापन मे कहा गया कि नवाबगंज और आसपास के गन्ना किसानों का पिछले कई सत्रों का करोड़ों रुपये भुगतान अभी तक लंबित है। किसानों ने मेहनत से तैयार फसल चीनी मिलों को आपूर्ति की, लेकिन भुगतान न मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति खराब हो चुकी है। किसान अगली फसल की बुआई, बच्चों की पढ़ाई और इलाज जैसी जरूरी जरूरतें पूरी करने में भी कठिनाई महसूस कर रहे हैं। ज्ञापन के अनुसार ओसवाल ओवरसीज लिमिटेड, नवाबगंज गन्ना मिल पर किसानों का करीब 72 करोड़ रुपये तथा बहेड़ी चीनी मिल पर लगभग 138 करोड़ रुपये बकाया है। नवाबगंज चीनी मिल बंद होने से किसानों में चिंता बढ़ गई है। किसानों ने मिल को दोबारा संचालित कराने और बकाया भुगतान जल्द दिलाने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलेंडर की सप्लाई 45 दिन में होने से उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है। शहर और कस्बों में होटल व दुकानों को भी गैस संकट का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा पेयजल योजना के तहत पाइपलाइन डालने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत, भदपुरा डिग्री कॉलेज में शिक्षकों की नियुक्ति, सरकारी आवास स्वीकृति में पारदर्शिता, बाजारों में दुकानदारों से हो रही अवैध वसूली रोकने, सरकारी अस्पतालों में बेहतर इलाज व्यवस्था तथा गांवों में लंबित विरासत दर्ज कराने की मांग भी उठाई गई। ज्ञापन में मांग की गई कि संबंधित विभागों को निर्देश देकर सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाए, ताकि किसानों और ग्रामीणों को राहत मिल सके।।
बरेली से कपिल यादव
