सदर तहसील की कैंटीन मे 5 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया संग्रह अमीन

बरेली। भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) की टीम ने गुरुवार को तहसील सदर मे तैनात संग्रह अमीन जोरावर सिंह को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी को तहसील सदर की कैंटीन से पकड़ा गया। आरोप है कि अमीन ने धन निकासी आवेदन पर रिपोर्ट लगाने के एवज में रिश्वत ली थी। थाना भुता क्षेत्र निवासी जोरावर सिंह सदर तहसील मे संग्रह अमीन के पद पर तैनात है। आरोप है कि एक रिपोर्ट के एवज में वह पांच हजार रुपये की घूस मांग रहे थे। घूस न मिलने के कारण टालमटोल कर रहे थे। इससे तंग आकर बारादरी थाना क्षेत्र के नवादा जोगियान की अशोक नगर कॉलोनी निवासी सुरेश चंद्र ने एंटी करप्शन का रुख किया। उन्होंने संग्रह अमीन की शिकायत करते हुए अपनी समस्या बताई। इस पर टीम सक्रिय हो गई और एंटी करप्शन के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने संग्रह अमीन को रंगेहाथ पकड़ने का जाल बिछा दिया। गुरुवार दोपहर करीब 2:45 बजे सुरेश चंद्र पांच हजार रुपये लेकर सदर तहसील पहुंचे। संग्रह अमीन को कैंटीन में ले जाकर जैसे ही घूस दी, एंटी करप्शन की टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। उसके खिलाफ थाना कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। तहसील मे संग्रह अमीन के रिश्वत लेते पकड़े जाने की खबर से हलचल मच गई। भ्रष्टाचार निवारण संगठन की ओर से लोगों से आग्रह किया गया है कि किसी काम के बदले रिश्वत मांगने की शिकायत सीधे विभाग से करें। पुलिस उपाधीक्षक भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली का मोबाइल नंबर 9454405475 है। प्रभारी निरीक्षक भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली इकाई थाना का मोबाइल नंबर 9454401653 है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *