शेरगढ़, बरेली। शिवम एजेंसी पर गैस वितरण में लापरवाही पर उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार को गैस न मिलने से नाराज लोगों ने एजेंसी पर हंगामा किया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि सुबह से लाइन मे लगकर गैस सिलेंडर मिलने का इंतजार कर रहे लोग उस समय आक्रोशित हो गये जब चार बजते ही एजेंसी कर्मचारियों ने सिलेंडर का वितरण बंद कर दिया। इसके बाद एंजेसी बंद कर दी गई। एजेंसी प्रबंधन और कर्मचारियों के इस मनमाने रवैये से सिलेडर नही मिलने से उपभोक्ताओं ने आक्रोशित होकर प्रदर्शन किया। लोगों का कहना था कि एजेंसी परिसर के बाहर ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों में बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर भरे हुए खड़े थे। इसके बावजूद उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटा दिया गया। कई उपभोक्ता ऐसे भी थे जो 15 से 20 किलोमीटर दूर से गैस लेने आए थे लेकिन पूरे दिन इंतजार करने के बाद भी उन्हें बिना गैस लिए ही लौटना पड़ा। सूचना पर भाजपा नेता राघवेंद्र पाठक मौके पर पहुंचे और एजेंसी पर कार्यरत कर्मचारियों व संचालक पर गैस की कालाबाजारी करने और उपभोक्ताओं को बेवजह परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी बरेली और उपजिलाधिकारी बहेड़ी को पूरे मामले से अवगत कराया। बिना गैस लिए ही उपभोक्ताओं के नाम पर उठ गए सिलेंडर, एजेंसी पर गंभीर आरोप: रम्पुरा निवासी खेमकरन लाल गंगवार, सुशीला देवी, सुमेश कुमार गंगवार, हरीश कुमार, पिपौली के वेदप्रकाश गंगवार , जशनपुर के अर्जुन कुमार, सिमरावा की सवीना, पंडरी निवासी मुन्नी देवी, टांडा गांव के जाविर व हसीन, पंथरिया के झांझनलाल और नगरिया कला के नेत्रपाल सिंह ने आरोप लगाया कि उन्होंने सिलेंडर लिया ही नही इसके बावजूद उनके उनके नंबर से बुकिंग के बाद सिलेंडर वितरण दिखाया जा रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि जब वे इस संबंध मे एजेंसी पर पहुंचे तो कर्मचारियों ने उनकी बात सुनने के बजाय संतोषजनक जवाब नही दिया। कुछ उपभोक्ताओं ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई। पंडरी निवासी रमन सिंह ने बताया करीब 15 किलोमीटर दूर से गैस लेने आया था लेकिन पूरे दिन लाइन मे लगने के बाद भी सिलेंडर नही मिला। जबकि 21 जनवरी 2026 को अंतिम बार सिलेंडर लिया था और अब गैस मार्च मे देने की बात कहकर लौटा दिया गया। रम्पुरा निवासी खेमकरन लाल गंगवार ने बताया मैंने गैस सिलेंडर लिया ही नही लेकिन एजेंसी पर बताया गया कि मेरे उपभोक्ता नंबर से सिलेंडर उठ चुका है। यह बहुत बड़ी गड़बड़ी है। मैंने सीएम हेल्पलाइन समेत उच्च अधिकारियों से शिकायत की है। टांडा निवासी हसीन ने बताया जब एजेंसी पर शिकायत करने पहुंचे तो कर्मचारियों ने कोई स्पष्ट जवाब नही दिया और बात को टालते रहे। उनको सिलेंडर नहीं मिल पाया।।
बरेली से कपिल यादव
