लाल निशान मिटाने वालों के घर पहले चलेगा बुलडोजर

बरेली। शहर मे अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम आर-पार के मूड में है। सीएम ग्रिड योजना के दूसरे चरण के तहत कोहाड़ापीर से कुदेशिया मार्ग और धर्मकांटे से कोहाड़ापीर तक 50 से 55 अवैध कब्जों को चिन्हित किया गया है। निगम को सूचना मिली है कि कई रसूखदारों ने कार्रवाई से बचने के लिए अपने भवनों पर लगाए गए लाल निशान मिटा दिए है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य और एक्सईएन राजीव कुमार राठी ने सख्त रुख अपनाते हुए साफ कर दिया है कि जिन लोगों ने निशानों से छेड़छाड़ की है, सबसे पहले उन्हीं के अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया जाएगा। नगर निगम ने इस विशेष अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस बल से सहयोग मांगा है ताकि कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े। नगर आयुक्त का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़कों को चौड़ा करना है, जिससे शहरवासियों को लंबे समय से सता रही जाम की समस्या से स्थायी राहत मिल सके। नगर आयुक्त ने दो टूक कहा है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने या निशानों को मिटाने वालों के खिलाफ सख्ती की जाएगी। इस सक्रियता से उम्मीद है कि कोहाड़ापीर क्षेत्र की यातायात व्यवस्था जल्द ही सुगम और व्यवस्थित नजर आएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *