रामबारात में कड़ी होगी सुरक्षा, खुराफात की तो जाना होगा जेल

बरेली। होली पर निकलने वाली राम बारात को लेकर पुलिस अफसरों ने पैदल गश्त कर जनता को सुरक्षा का संदेश दिया। इस दौरान अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से बातचीत कर होली का त्योहार सौहार्द से मनाने की अपील की। कहा कि कोई भी माहौल बिगाड़ने की कोशिश करे तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, उससे सख्ती से निपटा जाएगा। एडीजी रमित शर्मा और एसएसपी अनुराग आर्य रविवार शाम बिहारीपुर चौकी पहुंचे। आसपास के थानों का फोर्स भी वहां बुला लिया गया और फिर बिहारीपुर के मिश्रित एवं घनी आबादी वाले क्षेत्र, बड़ा बाजार, मलूकपुर, किला, सिविल लाइंस से लेकर बारादरी के विभिन्न इलाकों में पैदल गश्त की गई। गश्त के दौरान अधिकारियों ने राम बारात के रूट का भी जायजा लिया। साथ ही क्षेत्रवासियों एवं व्यापारियों से वार्ता कर होली का त्योहार सौहार्द से मनाने की अपील की। इस दौरान एसपी सिटी मानुष पारीक, सीओ सिटी आशुतोष शिवम, अंजनी कुमार तिवारी, पंकज श्रीवास्तव एवं संबंधित थानों के प्रभारी भी मौजूद रहे। ड्रोन से की गई छतों पर निगरानी: रविवार को थाना बारादरी क्षेत्र के साहू गोपीनाथ, श्यामगंज चौराहा एवं कालीबाड़ी क्षेत्र के सभी घरों के ऊपर ड्रोन उड़ा कर निगरानी की गई। किसी छत पर पत्थर आदि चेक किए गए लेकिन कुछ नही मिला। चौकी चौराहे पर अफसरों ने चेक किया रेस्पांस टाइम: बरेली। सीएम योगी की वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद शनिवार देर रात एडीजी, डीआईजी और एसएसपी ने चौकी चौराहे पर पुलिस का रेस्पांस टाइम चेक किया। वायरलेस से मैसेज कर एसपी सिटी, नगर क्षेत्र की सभी पीआरवी, सीओ, थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्जों को तत्काल वहां पहुंचने के निर्देश दिए गए। इस पर पीआरवी 5059 सबसे पहले 9 मिनट, एसपी सिटी व सीओ सिटी 12 मिनट, बारादरी इंस्पेक्टर 14 मिनट और कोतवाली इंस्पेक्टर 15 मिनट मे पहुंचे। सामने आया कि पुलिसकर्मी ड्यूटी पर मौजूद थे और पीआरवी भी मुस्तैद थी। अधिकारियों ने सभी को रेस्पॉन्स टाइम को न्यूनतम करने व जीपीएस ट्रैकिंग का पूर्ण उपयोग करने के निर्देश दिए।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *