बरेली। जनपद के थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र मे युवती को साथ ले जाने पर उसके परिवार वालों द्वारा की गई मारपीट से आहत युवक ने कीटनाशक पदार्थ खा लिया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में थाना बिथरी चैनपुर में चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बिथरी के गांव मोहनपुर निवासी गंगा देव शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा 20 वर्षीय आदित्य शर्मा मंगलवार को जगतपुर में रहने वाली सृष्टि भारद्वाज के साथ मोबाइल खरीदने गया था। इससे पहले भी जब उनका बेटा मोबाइल लेने गया तो सृष्टि और उसकी मां बीना भारद्वाज भी साथ गई थीं। मंगलवार को मोबाइल खरीदने के बाद उनका बेटा आदित्य, सृष्टि को लेकर गांव में रहने वाली अपने नानी के घर चला गया। इसी बीच सृष्टि के पिता प्रताप भारद्वाज, मां बीना भारद्वाज, भाई अंकुर भारद्वाज व चचेरा भाई आदित्य भारद्वाज उनके घर पहुंचे और सृष्टि के बारे में पूछा। इस पर उनके बेटे आदित्य ने सृष्टि को लाकर उन लोगों को सौंप दिया। हाथ जोड़ता रहा युवक, पीटते रहे आरोपी : सृष्टि को अपने कब्जे मे लेने के बाद उसके परिवार वालों ने आदित्य से गालीगलौज की और विरोध करने पर मारपीट की। गंगा देव का आरोप है कि उनका बेटा अपनी बात सुनाने के लिए हाथ जोड़ता रहा लेकिन आरोपी पीटते रहे और उसका मोबाइल छीनकर ले गए। इससे आहत होकर बुधवार को उनके बेटे ने कीटनाशक पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उन लोगों ने आदित्य को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वेंटिलेटर पर रखकर उपचार के दौरान गुरुवार शाम उसकी मौत हो गई। चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज : इस मामले में आदित्य के जहर खाने के बाद उसके पिता गंगादेव शर्मा ने थाना बिथरी चैनपुर में तहरीर देकर सृष्टि के पिता प्रताप भारद्वाज, मां बीना भारद्वाज, भाई अंकुर भारद्वाज व चचेरा भाई आदित्य भारद्वाज पर रिपोर्ट दर्ज कराई। इसी बीच गुरुवार शाम की उसकी मौत के बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। एसओ राजेश बाबू मिश्रा ने बताया कि मुकदमे में धाराएं तरमीम कर आगे कार्रवाई की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
