बरेली। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने मोहर्रम के जुलूसों को लेकर अपील जारी की है। उन्होंने ताजियों और अलमों की लंबाई 10 फीट तक सीमित रखने को कहा है। साथ ही, जुलूसों में डीजे के इस्तेमाल पर सख्ती से रोक लगाने की बात कही। मौलाना बरेलवी ने बुधवार को एक बयान में कहा कि इस्लामी कैलेंडर का नया साल शुरू हो चुका है और आज मोहर्रम की पहली तारीख है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ताजियों और अलमों की लंबाई 10 फीट से अधिक न रखें। उनका कहना है कि इससे कोई समस्या या विवाद उत्पन्न नहीं होगा। अक्सर देहात क्षेत्रों में एक ताजियादार दूसरे से होड़ करते हुए ऊंचे ताजिए बना लेते हैं। यह होड़ रास्तों, बिजली के तारों या पेड़ काटने जैसे विवादों का कारण बनती है। इसलिए, ताजियों और अलमों को छोटा रखना चाहिए ताकि शांति बनी रहे। जुलूसों में डीजे पर प्रतिबंध मौलाना बरेलवी ने जुलूसों में कोई नई परंपरा न डालने की सलाह दी। उन्होंने किसी भी अंजुमन को जुलूस में डीजे लाने की अनुमति न देने को कहा। डीजे के इस्तेमाल पर सख्ती से रोक लगाई जानी चाहिए। पिछले वर्षों में डीजे के कारण दिल के मरीजों को दिल का दौरा पड़ा। कई लोगों की जान भी चली गई।।
बरेली से कपिल यादव
