बरेली। चैत्र नवरात्र के सप्तम दिन बुधवार को मां दुर्गा के सातवें स्वरूप मां कालरात्रि की पूजा पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ की गई। माता को विशेष प्रिय नारियल, माला-फूल और फल अर्पित कर श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि की कामना की।शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। कालीबाड़ी स्थित मां काली देवी मंदिर में श्रद्धालुओं ने माता रानी को माला-फूल, नारियल, अगरबत्ती और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मां भवानी मंदिर, नवदुर्गा मंदिर और मां मनोकामना मंदिर में भी मां कालरात्रि की विशेष पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने माता का शृंगार कर उन्हें फल और मिठाई का भोग लगाया। हरमिलाप शिव शक्ति मंदिर, त्रिवटीनाथ मंदिर, वैष्णो देवी मंदिर, अलखनाथ मंदिर, श्रीहरि मंदिर और बांके बिहारी मंदिर समेत अन्य देवालयों में भी पूरे दिन पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। सुभाषनगर स्थित चौरासी घंटा मंदिर में व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं की सुबह से ही भारी भीड़ रही। महिलाओं ने मंदिर में माता रानी का विशेष शृंगार किया और पूजा-अर्चना की। शाम को महिलाओं ने भजन-कीर्तन कर माता का गुणगान किया गया।।
बरेली से कपिल यादव
