मकान बंटवारे के विवाद मे बड़े भाई ने छोटे की कर दी पीटकर हत्या, मुकदमा दर्ज

नवाबगंज, बरेली। जनपद के थाना नवाबगंज क्षेत्र मे मकान के बंटवारे को लेकर सगे भाइयों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट के दौरान बड़े भाई द्वारा फेंकी गई ईंट लगने से छोटे भाई की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। नवाबगंज थाना क्षेत्र के सिजौलिया गांव निवासी 32 वर्षीय इरफान अपने परिवार के साथ रहते थे। वह पांच भाइयों मे एक थे। बताया जा रहा है कि मकान के बंटवारे को लेकर उनका अपने तीसरे नंबर के भाई अजब शाह से लंबे समय से विवाद चल रहा था। नसरीन ने बताया कि घर के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और कई बार पंचायत भी हुईं लेकिन कोई समाधान नही निकला। शनिवार रात जेठ अजब शाह ने घर की दीवार गिरा दी। जिसका इरफान ने विरोध किया। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और गुस्साए जेठ ने अपने बेटों शोएब और साहिल के साथ मिलकर इरफान पर हमला कर दिया। नसरीन ने बताया कि उनके पति इरफान के सिर पर आरोपियों ने ईट मारी गई। ईट के नुकीले हिस्से से इरफान घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की मां ने आरोपी अजब शाह और उसके दो बेटों शोएब व साहिल के खिलाफ नवाबगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। नसरीन ने बताया कि इरफान मजदूरी कर परिवार का पालन करते थे। उनका दो साल का बेटा है। नसरीन का कहना है कि पति के हत्यारों को सजा मिलनी चाहिए। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम को भेजा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। आरोपियों की तलाश मे पुलिस टीम जुटी हुई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *