भोजीपुरा, बरेली। जनपद के थाना भोजीपुरा क्षेत्र मे मेहमान की कार सड़क पर खड़ी होने से बौखलाएं दबंगों ने विवाह समारोह मे जमकर तांडव किया। लाठी-डंडों से लैस होकर टूटे दर्जनों हमलावरों के सामने जो भी आया, उसको पीटा गया। घर में घुसकर दुल्हन से भी मारपीट की। पंडाल उखाड़ डाला। खाने की क्राकरी-प्लेट तहस-नहस कर डाली। पीड़ित दुल्हन ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, पुलिस 24 घंटे बाद भी किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी। तुरंत घटना की रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की गई। पीड़ित पक्ष के अनुसार भोजीपुरा गांव मेमौर गांव के रहने बाले केवल राम मौर्य की बेटी ज्ञानवती की कल शादी थी। थाना अलीगंज क्षेत्र से बारात पहुंचने से पहले शाम के समय पंडाल मे मेहमान और गांव वालों की दावत चल रही थी। शादी में आए दुल्हन के एक रिश्तेदार ने सड़क किनारे अपनी कार खड़ी कर दी थी। जिसे लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि गांव का दबंग कैलाश यादव ट्रैक्टर ट्राली लेकर वहां पहुंचा और तुरंत कार हटाने को कहा। थोड़ी देर होने पर उसने ट्रैक्टर से साइड मारकर कार को नुकसान पहुंचा दिया। कार स्वामी ने विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। हाथापाई-मारपीट शुरू हो गई। ट्रैक्टर चला रहे कैलाश ने फोन करके अपने पक्ष की भीड़ बुला ली। देखते ही देखते दर्जनों लोग लाठी-डंडे लेकर वहां आ धमके और विवाह समारोह मे जुटे लोगों को पीटना शुरू कर दिया। जो सामने आया। हमलावरों ने उसी को धुन डाला। दावत खा रहे मेहमानों को भी नही छोड़ा। सबके साथ मारपीट की गई। हमलावरों का गुस्सा इतने पर भी शांत नही हुआ और घर मे घुसकर महिलाओं के साथ दुल्हन की भी पिटाई कर दी। पंडाल फाड़ दिया। क्राकरी तोड़ दी। घटना से कार्यक्रम में भगदड़ मच गई। सूचना पर पर डायल 112 की टीम वहां पहुंची, मगर तब तक हमलावर वहां से गायब हो चुके थे। बाद मे दुल्हन ने हमला, मारपीट, तोड़फोड़ मे शामिल 30 लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए भोजीपुरा पुलिस को तहरीर दी। बवाल के बाद जैसे-तैसे वैवाहिक कार्यक्रम निपटाए जा सके। पीड़ित लोगों का आरोप है कि दुस्साहसिक घटना के वाद भी पुलिस तुरंत कार्रवाई से बचती नजर आई।।
बरेली से कपिल यादव
