बरेली। ग्रीष्मावकाश के बाद 25 जून से विद्यालयों में शिक्षण कार्य शुरू होने से पहले तैयारियों का जायजा लेने के लिए बीएसए डॉ. विनीता ने मंगलवार को विकास खंड आलमपुर जाफराबाद के विभिन्न विद्यालयों और ब्लॉक संसाधन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आईं, जिस पर बीएसए ने सख्त कार्रवाई की। मॉडल कंपोजिट विद्यालय राजपुर खुर्द में नए भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। बीएसए ने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य गुणवत्ता और मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। प्राथमिक विद्यालय भमौरा में सहायक अध्यापिका सुलभ अनधिकृत रूप से अनुपस्थित मिलीं। उनके निरीक्षण तिथि का वेतन तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया। यहां विद्यालय में हैंडवॉश की टूटी टोंटी, परिसर में गंदगी और सफाई व्यवस्था खराब मिली। बीएसए ने समस्त स्टाफ को आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल पूरी करने तथा आदेशों का पालन न करने के संबंध में तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके बाद ब्लॉक संसाधन केंद्र आलमपुर जाफराबाद के निरीक्षण में कार्यालय सहायक मेधेन्द्र कुमार शर्मा, निशांत शर्मा, ओमवीर सिंह अनुपस्थित पाए गए। इन सभी का निरीक्षण तिथि का वेतन, मानदेय रोक दिया गया। यहां बीएसए को कार्यालय परिसर में साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिलने पर खंड शिक्षा अधिकारी को साफ-सफाई व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करके तीन दिनों में सूचित करने के निर्देश दिए। बीएसए ने बताया कि औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
