बरेली कालेज मे अव्यवस्थाओं पर एबीवीपी ने किया प्रदर्शन

बरेली। बरेली कालेज मे व्याप्त अव्यवस्थाओं के विरोध मे मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता आक्रोशित दिखे। संगठन के कार्यकर्ता व पदाधिकारी प्राचार्य कार्यालय तक नारेबाजी करते हुए पहुंचे। उन्होंने बहुउद्देशीय हाल, स्वीमिंग पूल, जिम, इतिहास संग्रहालय व जर्जर भवन को दुरुस्त कराने की मांग की। प्रदर्शन करते हुए प्राचार्य की अनुपस्थिति में चीफ प्राक्टर प्रो. आलोक खरे को ज्ञापन सौंपा गया। कालेज इकाई अध्यक्ष पवन राजपूत के नेतृत्व पहुंचे कार्यकर्ताओं ने कहा कि आजाद छात्रावास को ठीक कराया जाए, ताकि यहां विद्यार्थी ठहर सकें। परिसर मे पार्किंग स्टैंड पर छात्रों से शुल्क वसूली करने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं ने कैंटीन बंद होने और खेल गतिविधियां सुस्त होने का मुद्दा भी उठाया। पुस्तकालय मे नई शिक्षा नीति (एनईपी) के अनुरूप पुस्तकें लाने और परिसर मे बाहरी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की। प्रांत मंत्री आनंद कठेरिया ने कहा कि बरेली कालेज जैसे ऐतिहासिक संस्थान में सुविधाओं का अभाव अत्यंत चिंताजनक है। समाधान न होने की स्थिति में आंदोलन करने की चेतावनी दी गई। इस दौरान विभाग संगठन मंत्री विकास गोला, कुनाल मिश्रा, नितिन मिश्रा, रोशनी ठाकुर, सानिध्य शर्मा, हर्षवर्धन सिंह उपस्थित रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *