भमोरा, बरेली। जनपद की थाना भमोरा क्षेत्र की बल्लिया पीएचसी मे प्रसव कराने वाली एक महिला ने स्वास्थ्य कर्मियों पर पैदा हुई बेटी को चोरी कर बेचने का आरोप लगाते हुए डीएम से शिकायत की थी जिसकी जांच को मंगलवार को टीम पहुंची। गांव झिंझरी के रमेश की पत्नी कमलेश ने 18 मार्च को डीएम को दिये शिकायती पत्रों में आरोप लगाया था कि 30 सितंबर को पीएचसी बल्लिया मे उसने एक बच्ची को जन्म दिया। जिस बच्ची को वहां के स्वास्थ कर्मियों ने चोरी कर बेच दिया और बाद मे उसे बता दिया कि उसकी बच्ची मर गई थी। शव मांगने और जानकारी करने पर उन लोगों ने उससे अभद्र व्यवहार किया। महिला की शिकायत को गंभीरता से लेकर डीएम अविनाश सिंह ने सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह को जांच के आदेश दिए। इस पर मंगलवार को एसडीएम विदुषी सिंह, सीएचसी भमोरा के चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार, प्रभारी निरीक्षक भमोरा पवन कुमार सिंह आदि झिंझरी पहुंचे और पीड़िता के बयान लिए। महिला ने बताया कि बच्ची पैदा होने पर वह बेहोश हो गई थी। डेढ़ घंटे बाद होश आने पर पता चला कि उसने मृत बच्ची को जन्म दिया जबकि शिकायत मे उसने बच्ची पैदा होने पर स्वयं बच्ची को देखने की बात की थी। वह डेढ़ माह बाद पीएचसी बल्लिया गई थी तब भी उसे मृत बच्ची पैदा होने की जानकारी दी गई थी।।
बरेली से कपिल यादव
