बरेली। प्रधानमंत्री का पुतला फूंकने की कोशिश मे जिला युवक कांग्रेस के अध्यक्ष समेत तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर शांतिभंग मे चालान किया गया है। मंगलवार को उन्हें कोर्ट मे पेश किया जाएगा। युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु की गिरफ्तारी के विरोध मे सोमवार दोपहर युवक कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री का पुतला लेकर जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष साहब सिंह के नेतृत्व मे कांग्रेसी चौकी चौराहे पर पहुंच गए और उसे फूंकने की कोशिश करने लगे। इसी बीच कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और पुतला छीनकर उसे फूंकने से रोक लिया। पुलिस से उलझने पर सुभाषनगर मे बब्बन पुरवा निवासी साहब सिंह, धर्मसिंह और बंडिया के नवी हसन को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने शांतिभंग में तीनों का चालान कर सिटी मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश होने को भेजा लेकिन तब तक कोर्ट बंद हो चुकी थी। कोतवाली इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि मंगलवार को उन्हें सिटी मजिस्ट्रेट की कोर्ट मे पेश किया जाएगा। वही कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा, पंडित राज शर्मा समेत अन्य कांग्रेसियों ने इसे लोकतंत्र के अधिकारों का हनन बताया है। कहा कि शांतिपूर्ण विरोध को दवाना संविधान की मूल भावना के विरुद्ध है। उन्होंने प्रशासन से अविलंब तीनों की रिहाई की मांग की।।
बरेली से कपिल यादव
