पेट्रोल पंपों पर पाबंदी, ड्रम, बोतल व केन मे बिक्री बंद

आंवला, मीरगंज, बरेली। जनपद मे पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता सामान्य बनी हुई है लेकिन एहतियातन पंप संचालकों ने ड्रम, बोतल और केन मे तेल देने पर रोक लगा दी है। वही कुछ स्थानों पर भुगतान व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। आंवला नगर मे छह से अधिक पेट्रोल पंप संचालित हैं और सभी पर तेल की पर्याप्त उपलब्धता बताई जा रही है। पंप संचालकों के अनुसार किसी भी प्रकार की कमी नही है लेकिन जमाखोरी रोकने के लिए कंटेनर और ड्रम में पेट्रोल-डीजल देने पर रोक लगा दी गई है। उनका कहना है कि इस कदम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आम उपभोक्ताओं को नियमित रूप से ईधन मिलता रहे और कोई अनावश्यक भंडारण न कर सके। रामनगर स्थित शिव फिलिंग स्टेशन पर भी यही व्यवस्था लागू की गई है। संचालक के मुताबिक केन या अन्य बर्तनों में ईधन देने से मना किया जा रहा है, ताकि कृत्रिम संकट की स्थिति न बने। वही भमोरा क्षेत्र के बदायूं रोड स्थित खेड़ा पेट्रोल पंप पर क्रेडिट कार्ड से भुगतान अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। पंप मैनेजर पवन श्रीवास्तव ने बताया कि केवल नकद भुगतान पर ही ईंधन दिया जा रहा है, जबकि तेल की उपलब्धता पर्याप्त है और घबराने की कोई जरूरत नही है। इसी बीच नायरा पेट्रोल पंप के मैनेजर वीर सिंह ने बताया कि गुरुवार रात से पेट्रोल के दाम मे पांच और डीजल मे तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण मे है और लोगों को घबराने की आवश्यकता नही है। प्रशासन भी आपूर्ति व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है ताकि अफवाह फैलने से रोका जा सके। वही एलपीजी संकट की खबरों के बीच पेट्रोल-डीजल को लेकर भी लोगों में आशंका बढ़ती दिख रही है। शुक्रवार को शहर के कई पेट्रोल पंपों पर सामान्य दिनों की तुलना में अधिक भीड़ देखने को मिली।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *