शाही, बरेली। घर मे चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया। इसमें से एक बदमाश को पैर में गोली लगी। पुलिस ने इनके पास से तीन लाख से ज्यादा की नकदी और अवैध हथियार बरामद किए। वही गोली लगने से घायल हुए बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। दोनों गिरफ्तार बदमाशों के पास से करीब तीन लाख से अधिक कैश, सोने-चांदी के जेवर और असलहा बरामद हुआ है। पूछताछ के बाद चोरी-लूट के जेवर खरीदने वाले एक सराफ को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दूसरा सराफ फरार है जो गोरक्षा दल का जिलाध्यक्ष बताया जा रहा है। थाना शाही क्षेत्र के मोहल्ला आजमनगर स्थित चांद बाबू के घर चोरों ने 5 फरवरी की रात नकवजनी की घटना को अंजाम दिया था। बुधवार रात पुलिस को सूचना मिली कि कस्बे से चोरी के जेवर बेचकर दो बदमाश दिल्ली भागने की फिराक मे है। एसओ ने मिर्जापुर मार्ग पर वाहनों की चेकिंग शुरू की। पुलिस ने बाइक से आए दो लोगों को रुकने का संकेत किया तो वह भागने लगे। पीछा करने पर मिर्जापुर रोड पर श्मशान भूमि के पास बाइक चकमार्ग पर ले जाते समय दोनों गिर गए और बाइक छोड़कर भागने लगे। भागने के दौरान दोनों ने पुलिस पर तमंचे से फायरिंग की। पुलिस की जवाबी फायरिंग मे एक गोली बदमाश इमरान के पैर मे जा लगी। गिरफ्तार इमरान मोहल्ला आजमनगर का रहने वाला है। मौके से पकड़ा गया दूसरा बदमाश तौफीक है जो बसई का निवासी है। घायल बदमाश को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। एसओ ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश बुर्का और मास्क पहनकर रेकी करते थे। गिरफ्तार इमरान के खिलाफ कई थानों में चोरी और लूट के करीब 15 मुकदमे दर्ज है। तौफीक हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ भी 12 से अधिक मुकदमे दर्ज है। बदमाशों ने चांदबाबू के घर मे चोरी की बात भी कबूली है। चोरी का माल खरीदने वाला भी गिरफ्तार: गिरफ्तार बदमाशों ने चोरी का सामान बेचने के लिए शाही के मोहल्ला ठाकुरद्वारा निवासी सुमित रस्तोगी पुत्र रविंद्र रस्तोगी व अमन रस्तोगी पुत्र राजकुमार रस्तोगी से सौदा किया था। अमन व सुमित ने जेवर बेचकर रुपये देते रहने की बात तय की थी। बदमाशों ने पांच तोले सोने और 450 ग्राम चांदी के जेवर अमन और सुमित को दिए थे। दोनों ने उसे गलाकर टिक्की बना ली। बाकी जेवर लेकर सुमित फरार हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार तौफीक और अमन रस्तोगी को गुरुवार को जेल भेज दिया। घायल इमरान को सीएचसी फतेहगंज पश्चिमी भेज दिया। पुलिस ने बताया इलाज के बाद इमरान को भी जेल भेजा जाएगा। पुलिस टीम मे थाना अध्यक्ष राजेश कुमार बैसला, दरोगा देवेंद्र सिंह, प्रवीन शमी, दिनेश कुमार, हेड कांस्टेबल ज्ञानेश शर्मा, सिपाही अमित चौधरी, शेखर वर्मा, प्रदीप नागर रहे।।
बरेली से कपिल यादव
