राजस्थान/बाड़मेर- राजस्व मण्डल, राजस्थान अजमेर की ओर से आयोजित पटवार सीधी भर्ती परीक्षा 2025 में अंतिम रूप से चयनित तथा जिला बालोतरा आवंटित अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण अस्थाई पटवार प्रशिक्षण शाला, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सिवाना जिला बालोतरा में कराया जाएगा।
भू-अभिलेख अनुभाग के प्रभारी अधिकारी ने बताया कि आवंटित अभ्यर्थियों को 24 एवं 25 फरवरी 2026 को कार्यालय समय प्रातः 9.30 बजे से सायं 6 बजे तक जिला कलक्टर कार्यालय, बालोतरा के भू-अभिलेख अनुभाग में उपस्थित होना अनिवार्य है। इस दौरान अभ्यर्थियों के समस्त मूल दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को अपनी ओर से पूर्व में प्रस्तुत प्रमाण-पत्रों के मूल दस्तावेज साथ लाने होंगे, ताकि उनका प्रमाणीकरण किया जा सके। साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी की ओर से जारी नवीन स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र, जो इस प्रेस नोट के प्रकाशन के बाद का हो, अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थियों को दहेज न लेने-देने का शपथ-पत्र, धूम्रपान व मदिरापान नही करने का शपथ-पत्र, सन्तान संबंधी शपथ-पत्र, आपराधिक प्रकरण नहीं होने का शपथ-पत्र, नवीनतम दो पासपोर्ट आकार के फोटो, 50 रुपये के नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पर सेवा क्षतिपूर्ति बंधपत्र तथा नियुक्ति आदेशानुसार अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे।
उन्होंने बताया कि नियुक्ति आदेश जारी होने के पश्चात उसकी प्रति कार्यालय से उपलब्ध कराई जाएगी तथा जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड की जाएगी।भू-अभिलेख अनुभाग के प्रभारी अधिकारी ने संबंधित अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित होने का अनुरोध किया है।
— राजस्थान से राजूचारण
