बरेली- बीएसए बरेली डॉ विनीता, बीईओ फरीदपुर शीश पाल सिंह के निर्देशन में इंग्लिश मीडियम कंपोजिट स्कूल नवादा बिलसंडी में शिक्षा चौपाल, बाल व्यापार मेला एवं वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीकांत मिश्रा (प्रवक्ता, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, बरेली) एवं अति विशिष्ट अतिथि के रूप में यदुवीर सिंह (वरिष्ठतम शिक्षक, उच्च प्राथमिक विद्यालय खल्लपुर) उपस्थित रहे। कार्यक्रम में न्याय पंचायत नवादा बिलसंडी के विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों, शिक्षा मित्रों, अनुदेशकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात छात्र प्रज्ञन्य शर्मा द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं स्वागत भाषण ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे कार्यक्रम की भव्यता और भी बढ़ गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में मीनाक्षी, नैंसी, नीतू, नितिन, रिंकू, सिंघम, आदित्य, अजीत, शीतल, हिमांशी, भूमिका, सोनाक्षी, सुरभि, रानी बेटी, हर्षित, ज्योति, नेहा, नैंसी, पंखुड़ी पाठक, रोहित, मीनाक्षी सहित अनेक विद्यार्थियों ने नृत्य, नाटक एवं समूह प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इन प्रस्तुतियों ने शिक्षा के महत्व, सामाजिक जागरूकता एवं नैतिक मूल्यों का संदेश भी दिया, जिसे उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों ने खूब सराहा। इसके अलावा बाल व्यापार मेले का भी आयोजन किया गया जिसमें मैक्रोनी, कोल्ड ड्रिंक, गोलगप्पे, पकौड़ी, बारूले, चाय काफी, हलवा, पर्ची खोलो इनाम पाओ आदि स्टाल भी लगाए गए जिनमें बच्चों के सामान की जमकर बिक्री हुई और बच्चों ने क्रय, विक्रय, लाभ हानि, लागत इत्यादि अवधारणाओं का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया।
विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक डॉ. अमित शर्मा, जो राज्य शिक्षक पुरस्कार एवं राज्य आईसीटी पुरस्कार से सम्मानित हैं, ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा उनकी पढ़ाई में सहयोग करने का आह्वान किया। डॉ. अखिलेश उपाध्याय ने अतिथियों का स्वागत किया और परिचय कराया। प्रीति यादव ने कहा कि शिक्षा चौपाल का उद्देश्य विद्यालय, अभिभावक एवं समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी, प्रमाण पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी और उत्साह स्पष्ट झलक रहा था, जिससे अन्य बच्चों को भी प्रेरणा मिली।
मुख्य अतिथि श्रीकांत मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि प्राथमिक स्तर पर मजबूत शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखती है। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए नवाचारपूर्ण शिक्षण विधियों को अपनाने पर बल दिया। अति विशिष्ट अतिथि यदुवीर सिंह ने भी शिक्षा चौपाल की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों से विद्यालय के साथ निरंतर जुड़ाव बनाए रखने की अपील की। इस अवसर पर जिया उल हसन (इंचार्ज प्रधानाध्यापक, उच्च प्राथमिक विद्यालय रजनापुर), अशोक कुमार, जितेंद्र चावला, हरिओम शर्मा, भगवान सरन, डॉ. अखिलेश उपाध्याय, जलाल उद्दीन, प्रीति यादव, स्पोर्ट्स इंचार्ज रमा चंदेल, कपिल जायसवाल, ज्योति यादव, संदेश सिंह, पूजा रानी, सुनीता त्रिपाठी, अनीता सिंह, मुनीता, उर्वशी, सुनीता सहित समस्त विद्यालय स्टाफ एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों की उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, डिजिटल शिक्षा, पोषण एवं स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। अभिभावकों ने भी अपने सुझाव साझा किए और विद्यालय के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय परिवार का विशेष योगदान रहा। अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। इस भव्य आयोजन ने न केवल बच्चों को मंच प्रदान किया, बल्कि शिक्षा के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण कार्य किया। कार्यक्रम का संचालन कक्षा सात के छात्र हर्षित यादव ने किया।
नवादा बिलसंडी में शिक्षा चौपाल, बाल व्यापार मेला एवं वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन, उमड़ा जनसमूह
