बरेली। एंटी करप्शन की टीम ने सोमवार की शाम सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष की शिकायत पर सदर तहसील के लेखपाल को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि लेखपाल हैसियत प्रमाण पत्र पर रिपोर्ट लगाने के नाम पर रिश्वत मांग रहा था। आरोपी लेखपाल के खिलाफ कोतवाली मे मुकदमा दर्ज कराया गया है। भ्रष्टाचार निवारण संगठन के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि सुभाषनगर थाना क्षेत्र के निवासी सुभासपा के जिलाध्यक्ष भारतेंद्र सिंह सोनकर ने शिकायत की थी कि उन्होंने पत्नी का हैसियत प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि सदर तहसील का लेखपाल महेश कुमार रिपोर्ट लगाने के नाम पर 10 हजार की रिश्वत मांग रहा था। डीएम से अनुमति लेने के बाद सोमवार की शाम करीब 5:30 बजे तहसील सदर गेट के पास रोजगार कार्यालय के नजदीक आरोपी लेखपाल महेश को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया लेखपाल बांदा जिले के थाना मटौंध के गांव बसहरी का निवासी है। कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।।
बरेली से कपिल यादव
