बरेली। जिला अस्पताल मे बुजुर्ग महिला को इलाज न मिलने और मरीज को ठेले पर ले जाने के वायरल वीडियो का डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने संज्ञान लिया है। डिप्टी सीएम ने मामले की जांच के आदेश दिए है। उन्होंने स्वास्थ्य महानिदेशक को निर्देशित किया है कि वह वरिष्ठ अधिकारी को मौके पर भेजकर पूरे प्रकरण की जांच कराएं। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मरीजों के इलाज मे किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी। गरीब, असहाय और जरूरतमंद मरीजों की सेवा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को बेहतर और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मरीज मेरे लिए ईश्वर का रूप हैं। उनकी सेवा मे लापरवाही करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। सरकारी अस्पतालों के प्रति मरीजों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। इस तरह की घटनाओं से विभाग की छवि खराब होती है। इसे किसी भी दशा में बर्दाश्त नही किया जाएगा। सोशल मीडिया पर वायरल बरेली जिला अस्पताल के वीडियो मे एक बुजुर्ग महिला ठेले पर लेटी है। ठेला लेकर जा रहे उसके पति का आरोप लगा रहा है कि बीमार पत्नी को जिला अस्पताल में इलाज नही मिल रहा है। वीडियो मे वह बता रहा है कि एक घंटा पहले वह पत्नी को लेकर अस्पताल आया था। यहां डॉक्टर-स्टाफ उसे देख ही नही रहे है। ऐसे मे वह पत्नी को लेकर घर जा रहा है। दूसरी वीडियो इमरजेंसी के सामने की है। इसमें एक महिला को लेकर कई लोग अस्पताल आए। महिला को सरकारी एंबुलेंस से नही बल्कि ठेले से लेकर परिजन इमरजेंसी आए थे।।
बरेली से कपिल यादव
