बरेली। रविवार को न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर भारत टी-20 विश्व कप का विजेता बन गया। टी-20 क्रिकेट विश्वकप का अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम मे रविवार को खेले गए फाइनल मैच शुरू होने के साथ ही नाथनगरी के लाखों क्रिकेट प्रेमी भारत की जीत की आस मे टीवी स्क्रीन के सामने से हट नही सके। रविवार को टी-20 वर्ल्डकप के फाइनल मैच महामुकाबले के देखने के लिए साढ़े छह बजे से ही क्रिकेट प्रेमी टीवी स्क्रीन के सामने बैठ गए। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों मे 255 रन का स्कोर बनाया तो लोगों की जीत की उम्मीद बढ़ गई थी। अच्छी गेंदबाजी के कारण वर्ल्डकप का फाइनल जीतने पर नाथनगरी का आसमान आतिशबाजी से जगमगा उठा। लोग सड़कों पर निकल आए। लोगों ने जमकर पटाखे छोड़े। खुशियां मनाई। एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया। भारत माता की जय, टीम इंडिया जिंदाबाद के उद्घोष राजेंद्रनगर, डीडीपुरम समेत कई जगहों पर देर रात तक लगे। शहर के प्रमुख चौराहों और बाजारों में देर रात तक जश्न का माहौल बना रहा। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। मॉल और रेस्टोरेंट में लगी बड़ी स्क्रीन के सामने बैठे लोग भारतीय टीम बल्लेबाजों के हर चौके-छक्के पर तालियां बजाते नजर आए। बल्लेबाजों की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी पर लोग खड़े होकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते दिखे। जीत के बाद कई कॉलोनियों में बच्चों व युवाओं ने पटाखे फोड़कर खुशी मनाई। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर भी जश्न मनाया। कुछ इलाकों में युवाओं ने तिरंगा लेकर बाइक रैली निकाली और भारत माता की जय के नारे लगाए। पूरे माहौल में देशभक्ति और उत्साह साफ दिखाई दिया।।
बरेली से कपिल यादव
