जैतीपुर /शाहजहांपुर। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जैतीपुर में 166 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न कराया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डॉ. वीर विक्रम सिंह ‘प्रिंस’ रहे। कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. वीर विक्रम सिंह ‘प्रिंस’ ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक सम्पन्न कराया जा रहा है, जिससे गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल जरूरतमंद परिवारों की सहायता करती है बल्कि समाज में समानता और सहयोग की भावना को भी मजबूत बनाती है। विधायक ने सभी नवविवाहित जोड़ों को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर क्षेत्र के कई ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि तथा प्रशासनिक अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने इस भव्य आयोजन की सराहना करते हुए विधायक डॉ. वीर विक्रम सिंह ‘प्रिंस’ के प्रयासों की प्रशंसा की और कहा कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ निरंतर आम जनता तक पहुंच रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। पूरे आयोजन का माहौल उत्साह, खुशी और सामाजिक समरसता से परिपूर्ण रहा।
जैतीपुर में 166 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न:मुख्य अतिथि डॉ. वीर विक्रम सिंह ‘प्रिंस’ ने दिया आशीर्वाद
