राजस्थान/बाड़मेर- जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव की अध्यक्षता में बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने आगामी राजस्थान दिवस के आयोजन की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्थान दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्न सांस्कृतिक, खेलकूद एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
उन्होने मल्लीनाथ पशु मेला तिलवाड़ा के आयोजन की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने मेले के दौरान पेयजल, बिजली, स्वच्छता, यातायात व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं तथा पशुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह मेला क्षेत्र की आस्था और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है, इसलिए सभी विभाग समय रहते व्यवस्थाएं पूरी करें।
बैठक में राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों के निस्तारण की भी समीक्षा की गई। उन्होने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोर्टल पर लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान किया जाए तथा आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिक से अधिक पशुपालकों को योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देशित किया कि योजना के प्रति पशुपालकों में व्यापक जागरूकता पैदा की जाए ताकि अधिकाधिक पशुओं का बीमा कराया जा सके।
उन्होने राज्य सरकार की बजट घोषणा 2026-27 के तहत जिले में प्रस्तावित कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा की गई। जिला कलक्टर ने सभी विभागों को बजट घोषणाओं से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता से आगे बढ़ाने तथा समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अंत में जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं तथा आमजन को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ मिल सके, इसके लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी हीराराम कलबी, पुलिस उपअधीक्षक अनिल पुरोहित, नगर परिषद आयुक्त रामकिशोर मेहता, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वांकाराम चौधरी, जोधपुर विद्युत वितरण निगम के अधीक्षण अभियंता लतीश, जल विभाग के अधीशाषी अभियंता बााुनाल मीणा, जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक दुष्यंत पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी देवाराम प्रजापत, पशुपालन विभाग के उप निदेशक मदन गिरी समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी तथा प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
— राजस्थान से राजूचारण
