चर्चित सट्टेबाज एवं आईपीएल के बुकी को पुलिस ने पकड़ा, भेजा जेल

बरेली। कोर्ट से वांछित चल रहे मॉडल टाउन निवासी चर्चित सट्टेबाज एवं आईपीएल के बुकी गौरव आहूजा को बारादरी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उसने आधार कार्ड मे अपना नाम बदलकर जय आहूजा कर लिया था और मोबाइल की दुकान संचालित कर पुलिस को चकमा दे रहा था। बारादरी इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि वर्ष 2017 में पुलिस ने आईपीएल के सट्टे का भंडाफोड़ किया था। मॉडल टाउन निवासी सटोरिया गौरव आहूजा सड़क किनारे दो कार लगाकर आईपीएल का सट्टा संचालित कर रहा था। इनमें से गौरव आहूजा समेत तीन सटोरियों को मौके से गिरफ्तार किया गया और तीन फरार हो गए। इस मामले मे सभी छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। कोर्ट से जमानत होने के बाद गौरव आहूजा फरार हो गया और पेशी पर नही जाने लगा। इसके बाद उसने जय आहूजा के नाम से आधार कार्ड बनवाकर स्टेडियम रोड पर ही मोबाइल की दुकान खोल ली। जब भी पुलिस गौरव आहूजा नाम से वारंट लेकर जाती तो वह अपना आधार कार्ड पेश करके खुद को जय आहूजा बताकर गिरफ्तारी से बच जाता। इंस्पेक्टर ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी सामने आने के बाद कोर्ट को जानकारी देकर उसके वारंट में गौरव आहूजा के साथ ही जय आहूजा नाम भी शामिल कराया गया। इसके बाद उसका फिर से वारंट जारी हुआ तो रविवार को उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *