आंवला, बरेली। कोतवाली की मिशन शक्ति एंटी रोमियो टीम ने घर से नाराज किशोरी को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि 14 मार्च की रात मोबाइल पर राहुल जायसवाल निवासी ग्राम देईपुर थाना चोलापुर जिला वाराणसी द्वारा सूचना मिली कि उनकी नाबालिग पोती घर से नाराज होकर दिल्ली जाने के लिए सद्भभावना एक्सप्रेस ट्रेन के एस-5 कोच में बैठ गई है। उसके साथ कोई अनहोनी हो सकती है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में मिशन शक्ति टीम सक्रिय हुई और रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने ट्रेन संख्या 14007 सद्भभावना एक्सप्रेस के कोच एस-5 में तलाश के दौरान किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। रविवार को किशोरी के माता-पिता थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने उसे सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया। बेटी को सुरक्षित पाकर परिजनों ने पुलिस टीम का आभार जताया। इस कार्रवाई में मिशन शक्ति टीम के उपनिरीक्षक बिहारी लाल, महिला कांस्टेबल चंचल शर्मा व शीतल की अहम भूमिका रही।।
बरेली से कपिल यादव
