गैस एजेंसी पर एसडीएम ने पकड़ी अनियमितताएं, लगाई फटकार

शेरगढ़, बरेली। उपभोक्ताओं के साथ धांधली और अव्यवस्था को लेकर शिकायतों के बाद सोमवार को शिवम गैस एजेंसी पर एसडीएम बहेड़ी आईएएस इशिता किशोर ने तहसीलदार भानू प्रताप सिंह के साथ औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एजेंसी पर व्याप्त अव्यवस्थाओं पर उन्होंने कड़ी फटकार लगाई। मौके पर कई ग्राहकों ने शिकायतों की झड़ी लगा दी। निरीक्षण के दौरान नगरिया खुर्द के प्रधानपति तौकीर अहमद और भाजपा नेता राघवेंद्र पाठक, बरीपुरा के अध्यापक रामसिंह, ब्योधा के सनी राजपूत आदि ने होम डिलीवरी न देने, उनके नाम पर बुक सिलेंडर किसी और को देने, बार-बार चक्कर लगाने के बावजूद गैस न मिल पाने समेत तमाम शिकायतें की। उनका कहना था कि सुबह से ही आकर लाइन मे लग जाते है मगर कई दिन से दिन भर लगे रहने के बाद भी गैस नही दी जा रही है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम बहेड़ी इशिता किशोर ने एजेंसी कर्मचारियों से होम डिलीवरी की व्यवस्था की जानकारी मांगी और समय सारिणी रजिस्टर प्रस्तुत करने को कहा। हालांकि, कर्मचारी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और न ही संबंधित रजिस्टर दिखा पाए। इस पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी और तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। भाजपा नेता राघवेन्द्र पाठक ने बताया कि गैस एजेन्सी के बगल मे शिवम पैलेस बरात घर भी चलता है। जो मानक से परे है। इसके बाद एसडीएम ने एजेंसी से करीब 100 मीटर दूर शाही शेरगढ़ व बहेड़ी मार्ग पर मन्दिर के पास सड़क किनारे हो रहे गैस सिलेंडरों के वितरण को भी देखा। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए उन्होंने मौके पर ही कड़ी फटकार लगाई और तत्काल उस व्यवस्था को बंद कराकर एजेंसी परिसर से ही वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। एसडीएम इशिता किशोर ने बताया कि औचक निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं सामने आई हैं। जिन्हें तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *