बरेली। कैंट पुलिस ने मंगलवार देर रात ठिरिया निजावत खां के जंगल में कृष्णा कॉलोनी के पास डकैती की योजना बनाते चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर इन बदमाशों को पकड़ा, जबकि उनका एक साथी मौके से फरार हो गया। इंस्पेक्टर कैंट संजय कुमार धीर, नकटिया चौकी इंचार्ज रोहित तोमर और उनकी टीम मनपुरिया तिराहे के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि ठिरिया निजावत खां के जंगलों मे एक गिरोह बड़ी डकैती की योजना बना रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी की। गिरफ्तार बदमाशों के पास से एक बैग, 12 बोर का एक तमंचा, दो अवैध चाकू, एक लोहे का सब्बल, एक नल की हत्थी, एक बांसकाटा और एक मुड़ा हुआ लोहे का सरिया बरामद हुआ है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शाहजहांपुर के कटरा निवासी मसबर पुत्र असगर, कैंट थाना क्षेत्र के ठिरिया निजावत खां निवासी सरताज उर्फ अन्ना पुत्र नत्थू खां, मोहनपुर निवासी अजीम उर्फ भूरा पुत्र शमशाद और ठिरिया निजावत खां निवासी जुबैर उर्फ जुम्मा पुत्र साबिर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उनका वांछित साथी समद पुत्र गुड्डू मास्टर, निवासी वार्ड नंबर 3, ठिरिया निजावत खां, मौका पाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। अभियुक्त मसबर का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ शाहजहांपुर और बरेली के विभिन्न थानों में चोरी, डकैती और अन्य गंभीर धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। अजीम और जुबैर उर्फ जुम्मा के खिलाफ भी अलग-अलग थानों में आधा-आधा दर्जन मुकदमे पंजीकृत हैं। वहीं, सरताज उर्फ अन्ना पर चार मुकदमे दर्ज है। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों ने बताया कि वे सभी पांचों लोग जेल में मिले थे। जेल से बाहर आने के बाद से वे छोटी-मोटी चोरियां और डकैती करते आ रहे है।।
बरेली से कपिल यादव
