सम्भल/चन्दौसी। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सम्भल (चन्दौसी) डॉ.विदुषी सिंह ने बुधवार को जिला कारागार सम्भल (मुरादाबाद) का त्रैमासिक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान कारागार में निरुद्ध बंदियों की कुल संख्या,विचाराधीन व दोषसिद्ध बंदियों की स्थिति,आवास,स्वच्छता,भोजन की गुणवत्ता, पेयजल, प्रकाश एवं वेंटिलेशन समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान जेल अस्पताल का भी अवलोकन किया गया,जहां दवाओं की उपलब्धता, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं संक्रामक रोगों की रोकथाम संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अध्यक्ष महोदया ने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी व्यक्तिगत,विधिक व प्रशासनिक समस्याएं सुनीं और पात्र बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।महिला बैरक के निरीक्षण में बंदियों के लिए पौष्टिक भोजन,बच्चों के लिए दूध,शिक्षा व स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जेल लीगल एड क्लीनिक के प्रपत्रों की जांच कर कहा गया कि जरूरतमंद बंदी प्रार्थना पत्र देकर विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।अध्यक्ष ने जेल प्रशासन को बंदियों के मानवाधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने तथा जेल मैनुअल का पूर्ण पालन कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने के भी आदेश दिए गए। इस मौके पर प्रभारी सचिव दीपक कुमार जायसवाल,जिलाधिकारी राजेन्द्र पैसिंया,अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
— सम्भल से सैय्यद दानिश
