बरेली। जनपद के पीलीभीत बाइपास से शनिवार रात कार सवार दबंगों ने बाइक सवार शराब दुकान सेल्समैन का अपहरण कर लिया। वह उसे कार मे डालकर घुमाते और पीटते रहे। फिर उससे एक लाख रुपये फिरौती लेकर छोड़ने की पेशकश की। सूचना मिलने पर इज्जतनगर थाना पुलिस ने 18 घंटे बाद अपहृत युवक को छुड़ा लिया। एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। भुता थाने के सिसैया गांव निवासी 25 वर्षीय अभिषेक गंगवार केसरपुर की शराब दुकान पर सेल्समैन है। रविवार की दोपहर बाद इज्जतनगर थाने लाए गए। अभिषेक ने बताया कि वह अपने परिचित ललित पटेल के साथ कुछ लोगों को उनका प्लॉट दिखाने गए थे। वहां से शनिवार रात साढ़े नौ बजे घर लौट रहे थे। वह पांच लोग दो बाइक पर थे। पीलीभीत बाइपास पर महानगर के पास पीछे से कार तेजी से निकली, जिससे उनकी बाइक को हल्की साइड लग गई। उन्होंने चीखकर एतराज किया तो कार से उतरे चार लोगों ने उन्हें उठाकर कार मे डाल लिया। इसके बाद वे लोग कार तेजी से आगे ले गए। आरोप लगाया कि कार सवारों ने उसे पीटा। फिर उन्ही के मोबाइल फोन से परिचितों को कॉल कराई और एक लाख रुपये फिरौती मांगी। उसने बताया कि उसके ऊपर परिवार और दो बहनों की शादी की जिम्मेदारी है तो आरोपियों ने बहनों के लिए गलत शब्द कहे। इंस्पेक्टर इज्जतनगर सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि ललित पटेल ने अभिषेक के अपहरण की जानकारी तुरंत बाद ही पुलिस को दी थी। पुलिस ने सर्विलांस का सहारा लेकर टीमें लगाई। आरोपी बार-बार अभिषेक का नंबर फ्लाइट मोड पर कर देते थे जिससे तलाश में दिक्कत आई। पुलिस टीम ने रविवार दोपहर दो बजे हवाई अड्डे के पास से अभिषेक को मुक्त करा लिया। एक आरोपी क्योलड़िया थाने के चंद्रपुर ख्यालीराम गांव निवासी उमाशंकर गिरफ्तार कर लिया गया है। कार भी बरामद कर ली है। पुलिस के मुताबिक नवाबगंज के रिछौला निवासी विमल, क्योलड़िया के गुलड़िया लेखराज गांव निवासी आकाश और हरनेश भी कार में थे। इन सभी की तलाश की जा रही है। कार एमएस इंडियन स्टील फॉरगिंस पांच नियर सिल्वर सिटी लालकुआं जीटी रोड गाजियाबाद के नाम पर आ रही है। आरोपी संदिग्ध गतिविधि के लग रहे है जो किसी गिरोह से जुड़े हो सकते है।।
बरेली से कपिल यादव
