बरेली/ फतेहगंज पश्चिमी। हरिद्वार से गोला के लिए कांवड़ लेकर जा रहे एक कांवड़िया की रास्ते मे हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार मे कोहराम मच गया। कस्बे के मोहल्ला माली निवासी मूलचंद पांच मार्च को कांवड़ यात्रा के लिए हरिद्वार गए थे। 6 मार्च को उन्होंने गंगाजल भरकर गोला के लिए पैदल यात्रा शुरू की थी। रविवार को उन्हें गोला पहुंचकर जल चढ़ाना था लेकिन करीब 40 किलोमीटर पहले उन्हें हार्ट अटैक आ गया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि उनका बेटा लीलाधर भी एक अलग कांवड़ बेड़े मे जल लेने गया था। दोनों बेड़ों के बीच करीब 30 किलोमीटर की दूरी थी। घटना की सूचना मिलते ही लीलाधर भी बिना जल चढ़ाए वापस लौट आया। साथ मे जा रहे अन्य कांवरियों ने फोन कर घटना की सूचना परिजनों को दी। खबर मिलते ही परिवार मे मातम छा गया। साथ गए कांवरिये उनका पार्थिव शरीर लेकर वापस घर पहुंचे। अंतिम संस्कार के बाद रविवार को साथ गए कांवरियों ने उनकी ओर से जल चढ़ाया। मृतक की पत्नी शांति देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।।
बरेली से कपिल यादव
