बरेली। शहर मे मेथा तेल के ऑनलाइन सट्टे से जुड़े कारोबारी के अचानक लापता होने से सनसनी फैल गई। सांई धाम कॉलोनी निवासी मेंथा तेल कारोवारी के रहस्यमय ढंग से गायब होने के बाद उनके बेटे ने प्रेमनगर थाने मे मुकदमा दर्ज कराया है। गोदाम की तलाशी के दौरान सुसाइड नोट मिला है। सुसाइड नोट मे कर्ज से परेशान होकर गंगा मे कूदकर आत्महत्या करने की बात लिखी गई है। फिलहाल पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करने के बाद मामले की जांच में जुटी है और कारोबारी की तलाश की जा रही है। साई धाम कॉलोनी निवासी मेंथा व्यापारी गौतम कुमार सैनी 13 मार्च को दोपहर करीब दो बजे से लापता हैं। सूचना पर नोएडा मे कार्यरत उनके बेटे प्रणव कुमार सैनी बरेली पहुंचे। उन्होंने इंदिरानगर स्थित पिता का ऑफिस वहां काम करने वाले कर्मचारी जितेंद्र से खुलवाया तो अंदर मेज पर पिता का सुसाइड नोट मिला। उन्होंने प्रेमनगर पुलिस को सूचना दी। सुसाइड नोट मे गौतम कुमार ने लिखा है कि व्यापार मे भारी नुकसान और एमसीएक्स मे मेंथा सट्टे के कारण उन पर लाखों रुपये का कर्ज हो गया है। सट्टा लगाने पर महीने मे उन पर 40-50 लाख का कर्जा हो जाता है। अगर वह सट्टा नही लगाते हैं तो उन पर दबाव बनाया जाता है। कई लोगों ने उन्हें 3 से 4 प्रतिशत मासिक ब्याज पर रुपये दिए है। जिससे वह आर्थिक दबाव मे आ गए है। गौतम ने सुसाइड नोट मे लिखा कि वह कुछ संपत्ति बेच चुके है लेकिन अपनी सारी संपत्ति बेचकर भी कर्जा नही चुका सकते है। टांडा वाले उमर ने एक डायरी मे हिसाब लिखकर दिया है। उसने चार महीने मे तीन गुना पैसे बढ़ा दिए। राइस मिलर शकील व सरताज, धौराटांडा के अफसार और गिरधरपुर के जफर के भी महीने मे 18-20 लाख बन जाते है। उनके पास रोज 200-250 फोन आते है। इस चक्रव्यूह मे फंसने से वह परेशान है। नींद नही आती है। इसी कारण गंगा नदी मे कूदने जा रहे है। घटना के बाद परिजन व्यापारी को तलाश करते रहे मगर पता न लगने पर शनिवार रात प्रेमनगर थाने मे रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमे सरताज राइस मिल प्रेमनगर के शकील, धौराटांडा के अफसार और गिरधरपुर के उमर व जफर का कर्जा बताते हुए इस घटना के लिए जिम्मेदार बताया है। सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने बताया कि मुकदमे मे नामजद कराए गए लोगों को बुलाकर पूछताछ की गई लेकिन अब तक कोई जानकारी नही मिली है। व्यापारी के मोबाइल की कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर तलाश कराई जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है।।
बरेली से कपिल यादव
