बरेली। कड़ी सुरक्षा मे शहर के 19 परीक्षा केंद्रों पर दरोगा भर्ती परीक्षा होगी। 14 और 15 मार्च को दो पालियों में होने वाली परीक्षा में कुल 32 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। एक दिन में करीब 16 अभ्यर्थी और उनके साथ हजारों अभिभावक बरेली पहुंचेंगे। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी देर रात ट्रेन और बसों के जरिए बरेली पहुंच गए। हजारों की संख्या में अभ्यर्थियों ने सेटेलाइट, पुराना बस अड्डों के साथ जंक्शन परिसर में शरण ली। दरोगा भर्ती परीक्षा शनिवार सुबह पहली पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। प्रत्येक पाली में 8160 परीक्षार्थी शामिल होंगे। हर सेंटर पर एक-एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 4 रिजर्व सेक्टर मजिस्ट्रेट, 19 स्टेटिक मजिस्ट्रेट व 4 रिजर्व स्टेटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। अतिरिक्त परीक्षा केंद्रों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए है। परीक्षा केंद्रों के सौ मीटर के दायरे में फोटो शॉप सहित अन्य इलेक्ट्रिक उपकरण वाली दुकानों को भी बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। अभ्यर्थियों को कड़ी निगरानी से होकर परीक्षा केंद्र तक पहुंचना होगा। अभ्यर्थियों के पहचान पत्र, प्रवेश पत्र की चेकिंग के साथ उनके चश्मों, जूते-मोजे, स्कार्फ, मफलर आदि की सघनता से फिस्किंग होगी। परीक्षा की निगरानी के लिए कैमरे लगाए गए हैं। डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने गुरुवार को दरोगा भर्ती परीक्षा को लेकर अधीनस्थ अधिकारियों के साथ बैठक की थी। शुक्रवार को दिनभर पुलिस प्रशासनिक अधिकारी परीक्षा केंद्रों में व्यवस्थाएं परखते रहे। वही डीएम ने बरेली कॉलेज के ब्लॉक ए, ब्लॉक बी, ब्लॉक सी, ब्लॉक डी और ब्लॉक ई मे केंद्र बनाए। बरेली इंटर कॉलेज में एक, बिशप मंडल इंटर कॉलेज, दरबारी लाल शर्मा इंटर कॉलेज, एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज के ब्लॉक ए, ब्लॉक बी में केंद्र बनाया है। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज, केपीआरसी कला केंद्र गर्ल्स इंटर कॉलेज कंकड़ कुआं मंदिर शाहबाद आलमगिरीगंज रोड, कुंवर रंजीत सिंह इंटर कॉलेज नगरिया परीक्षित नियर एयरफोर्स गेट, मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, साहू गोपी नाथ गर्ल्स इंटर कॉलेज, तिलक इंटर कॉलेज, विष्णु इंटर कॉलेज माधोबाड़ी नरकुलागंज में परीक्षा केंद्र बनाए है।।
बरेली से कपिल यादव
