बरेली। ईद-उल-अजहा देश भर में 28 मई को मनाने की तैयारी की जा रही है। एक तरफ बकरे का बाजार ऐन मौके तक गर्म है दूसरी तरफ कुर्बानी से पहले पढ़ी जाने वाली नमाज का वक्त भी मस्जिदों में तय कर दिया गया है। मंगलवार को दरगाह आला हजरत की तरफ से शहर की प्रमुख मस्जिदों में नमाज का वक्त जारी किया गया। आपको बता दें कि मुख्य नमाज बाकरगंज स्थित ईदगाह में सुबह 10:00 बजे अदा की जाएगी। शहर में सबसे पहले बाजार संदल खान स्थित दरगाह वली मियां की चांद मस्जिद में सुबह 5 बजकर 35 मिनट पर नमाज अदा होगी। वहीं गढ़ी चौकी स्थित गढ़ी मस्जिद में नमाजियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए दो शिफ्टों में नमाज अदा की जाएगी। पहली शिफ्ट सुबह 7 बजे दूसरी शिफ्ट 7: 30 बजे अदा की जाएगी। दरगाह आला हजरत के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि सबसे आखिर में दरगाह आला हजरत की रजा मस्जिद में सुबह 10:30 बजे नमाज अदा होगी।।
बरेली से कपिल यादव
