ई-केवाईसी मे खराब प्रगति पर रोजगार सेवकों को नोटिस, गैरहाजिर एडीओ पर होगी कार्रवाई

फरीदपुर, भुता, बरेली। सीडीओ देवयानी यादव ने ब्लॉक कुआंडांडा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की। ई-केवाईसी मे धीमी प्रगति पर रोजगार सेवकों को नोटिस जारी करने और अनुपस्थित एडीओ पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने मीटिंग हॉल, स्थापना पटल, उपस्थिति पंजिका, स्टोर रूम और मॉडल आवास का निरीक्षण किया। उन्होंने शिकायत रजिस्टर की भी जांच की और लंबित प्रकरणों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। रविवार को सीडीओ ब्लाक कुआंडांडा पहुंची। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और मनरेगा योजना की समीक्षा की। ई-केवाईसी की धीमी प्रगति पर विशेष आपत्ति जताई गई। रोजगार सेवकों की प्रगति संतोषजनक नही पाई गई। उन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एडीओ आरडी रविंद्र सिंह अनुपस्थित पाए गए, जिस पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उनके खिलाफ भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर कार्यालय में उपस्थित रहकर जिम्मेदारी से कार्य करने पर जोर दिया। निरीक्षण के समय ग्राम विकास अधिकारी सुखपाल सिंह, एडीओ पंचायत राज नारायण, मनरेगा विभाग के पंकज कुमार, तकनीकी सहायक रविंद्र कुमार, राजेंद्र प्रसाद, समाज कल्याण विभाग से सतीश चंद्र शर्मा, मुनीश बाबू, मुकुल शर्मा सहित अन्य सचिव मौजूद रहे। सीडीओ ने सभी विभागों को शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ योजनाओं को गति देने के निर्देश दिए।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *