बरेली। बीएसए डॉ विनीता और बीईओ फरीदपुर शीश पाल सिंह के निर्देशन में कोलोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्र एवं कम्पोजिट विद्यालय नवादा बिलसंडी, विकास क्षेत्र फरीदपुर में नवप्रवेशी बच्चों के स्वागत हेतु ‘नवआरम्भ उत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। राज्य पुरस्कृत शिक्षक, राज्य आईसीटी पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक डॉ. अमित शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय में प्रवेश लेने वाले नन्हे बच्चों का उत्साहवर्धन करना तथा शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना रहा। अपग्रेडेशन सेरेमनी के अवसर पर बच्चों को विशेष रूप से तैयार किए गए लाल ग्रेजुएशन कैप पहनाकर सम्मानित किया गया। शिक्षक डॉ. अखिलेश उपाध्याय, जलाल उद्दीन, अम्बरीष मिश्रा, रमा चंदेल, सीसीई एजुकेटर नीरज पटेल, आंगनबाड़ी मुनीता, सुनीता, शिक्षिका प्रीति यादव, पूजा रानी, कपिल जायसवाल, संदेश सिंह, ज्योति यादव आदि ने बच्चों और उनके अभिभावकों को आंगनबाड़ी केंद्र और उससे जुड़ी सरकारी योजनाओं के विषय में विस्तार से बताया। नीरज पटेल और अन्य स्टाफ द्वारा विद्यालय को रंग-बिरंगे गुब्बारों एवं आकर्षक सजावट से सजाया गया, जिससे पूरे परिसर में उत्सव का माहौल दिखाई दिया। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया। बच्चों द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियां दीं गईं। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों को उपहार एवं शिक्षण सामग्री वितरित की गई। साथ ही अभिभावकों को बच्चों की नियमित उपस्थिति एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन से बच्चों में विद्यालय के प्रति लगाव बढ़ता है और वे खुशी-खुशी पढ़ाई की ओर अग्रसर होते हैं। कार्यक्रम में सभी शिक्षकगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, अभिभावक एवं स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन डॉ. अमित शर्मा ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इंग्लिश मीडियम कंपोजिट स्कूल नवादा बिलसंडी में नवारंभ उत्सव एवं अपग्रेडेशन सेरेमनी का शानदार आयोजन
