अधिकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक सरल एवं सुगम तरीके से पहुंचाएं:भुवनेश्वर सिंह चौहान

राजस्थान/बाड़मेर- अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान की अध्यक्षता में बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लेकर विभागीय योजनाओं की प्रगति, वित्तीय व्यय तथा लंबित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा प्रस्तुत की। बैठक को संबोधित करते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने निर्देश दिए कि राज्य स्तर पर लंबित प्रकरणों का नियमित फीडबैक लेते हुए समयबद्ध रूप से कार्यों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों को गंभीरता से लेते हुए उनका त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि अधिकारी परिवादों की व्यक्तिगत रूप से मॉनिटरिंग करें तथा संतुष्टि स्तर में निरंतर सुधार लाने के प्रयास करें। उन्होंने बताया कि राज उन्नति कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा दिए गए निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि 31 मार्च तक मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त समस्त लंबित परिवादों का निस्तारण आगामी बैठक से पूर्व अनिवार्य रूप से किया जाए।

शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर चौहान ने नवीन शिक्षा सत्र के तहत आयोजित होने वाले प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस सत्र में कुल नामांकन में 21 प्रतिशत वृद्धि तथा बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बालिकाओं के नामांकन में 30 प्रतिशत वृद्धि सुनिश्चित की जाए। इसके लिए जनजागरूकता गतिविधियां चलाने तथा विद्यालय स्तर पर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया गया।‌ बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ आमजन तक सरल एवं सुगम तरीके से पहुंचे, इसके लिए निरंतर निगरानी और समन्वय बनाए रखा जाए।उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ही आमजन को राहत मिल सकेगी और सरकार की मंशा पूर्ण होगी।

बैठक के दौरान सिणधरी उपखंड अधिकारी सर्वेश्वर निम्बार्क ने गुरु गोलवलकर आकांक्षी ब्लॉक विकास योजना के तहत सिणधरी ब्लॉक में चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित मानदंडों के अनुरूप कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए समय पर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित कार्यों का शीघ्र निस्तारण करने तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी हीराराम कलबी, नगर परिषद आयुक्त रामकिशोर मेहता, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वांकाराम चौधरी, जोधपुर विद्युत वितरण निगम के अधीक्षण अभियंता लतीश, जिला शिक्षा अधिकारी देवाराम प्रजापत, जिला रसद अधिकारी हजारीलाल आलोरिया, जिला परिवहन अधिकारी भगवान गहलोत समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी तथा प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *